एस. डी. ग्लोबल एकेडमी में धूमधाम व उल्लास से मनाया गया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस

गाजियाबाद: एस. डी. ग्लोबल एकेडमी में 15 अगस्त का पावन राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, देशभक्ति और गरिमामय वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया।
इस अवसर पर आयोजित भव्य सांस्कृतिक संध्या एवं देशभक्ति कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपेन्द्र सिंह चौहान एवं श्री छोटे लाल कनौजिया जी उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का भव्य स्वागत स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया गया।
समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए, तो वहीं कई विद्यार्थियों ने ओजस्वी भाषण एवं देशभक्ति कविताएं प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण देश के सबसे छोटे बाल कवि सक्षम चौहान की अद्भुत काव्य प्रस्तुति रही, जिसने पंडाल में मौजूद हर व्यक्ति को तालियाँ बजाने पर मजबूर कर दिया और पूरे परिसर को ‘भारत माता की जय’ के नारों से गुंजायमान कर दिया।
विद्यालय के निदेशक अमित चौहान ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों को शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेने तथा एक अनुशासित व सशक्त नागरिक बनने का संदेश दिया। वहीं विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती प्रीति चौहान ने मुख्य अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा, जिनमें मुख्य रूप से नीलम भारती, महक चौहान, सोनी सागर, पायल चौधरी, प्रियंका चौधरी, गरिमा, तनु पंचाल, मोहिनी सैनी, पवन, उस्मान, सुनीता रोहिल्ला, मीनाक्षी श्रीवास्तव, करिश्मा कंडपाल, अर्चना, आकांक्षा यादव एवं खुशी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को मिठाई वितरित की गई और राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
रिपोर्टर राहुल कंसल






