बागपत

यूनेस्को एमआईएल ग्लोबल बोर्ड हेतु आधिकारिक प्रतिनिधि सूची में शामिल हुए अमन

डिजिटल नवाचारों और सामाजिक अभियानों के आधार पर मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान,फेक न्यूज और एआई जोखिम पर वैश्विक रणनीति बनाने में भूमिका निभाएंगे अमन

बड़ौत: राज्य युवा पुरस्कार विजेता सामाजिक कार्यकर्ता अमन कुमार को यूनेस्को के मीडिया एंड इन्फॉर्मेशन लिटरेसी एलायंस के ग्लोबल बोर्ड के लिए एशिया–पैसिफिक क्षेत्र की आधिकारिक प्रतिनिधि सूची में शामिल किया गया है। यह सूची दुनिया के 53 देशों से आए आवेदनों के आधार पर तैयार की गई है, जिसमें कुल 14 योग्य उम्मीदवार चयनित हुए हैं। अंतिम रूप से बोर्ड में इस क्षेत्र से दो प्रतिनिधियों का चयन होना है।

यूनेस्को ने फेक न्यूज, भ्रामक डिजिटल सामग्री, जेनरेटिव एआई जनित जोखिमों और साइबर अपराध जैसे बढ़ते खतरों को देखते हुए यह ग्लोबल बोर्ड गठित किया है। यह बोर्ड विश्व स्तर पर मीडिया साक्षरता, डिजिटल नीतियों और जिम्मेदार तकनीकी उपयोग से जुड़ी रणनीतियों पर सुझाव देगा।

अमन कुमार आईसीटी आधारित नवाचारों से सामाजिक बदलाव के क्षेत्र में कार्य कर संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों और विकसित भारत @2047 को आगे बढ़ाने वाले कई अभियानों का नेतृत्व कर रहे हैं। वे ‘माय भारत’ से संबद्ध उड़ान यूथ क्लब के अध्यक्ष हैं और जिला प्रशासन के साथ मिलकर कांवड़ यात्रा ऐप, स्वीप बागपत ऐप और सूचना सेतु जैसे समाधान विकसित करने में शामिल रहे हैं।

युवाओं के लिए बनाए गए उनके प्रोजेक्ट कॉन्टेस्ट 360 ने शिक्षा, करियर और कौशल विकास से जुड़े अवसरों की जानकारी 8.3 मिलियन से अधिक युवाओं तक पहुंचाई हैं। अमन के कार्यों को यूनिसेफ इंडिया, यूनेस्को ग्लोबल यूथ कम्युनिटी और हंड्रेड जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी सराहना मिली है। वर्ष 2024 में वे यूनेस्को की एमआईएल यूथ डिबेट सीरीज में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं जिसके आधार पर यूनेस्को एमआईएल के सदस्य बने।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!