ग्रेटर नोएडा

बूथ सशक्तिकरण का संकल्प: ग्रेटर नोएडा में भाजपा मण्डल की रणनीतिक बैठक सम्पन्न

ग्रेटर नोएडा:आज ग्रेटर नोएडा मण्डल कार्यालय में मण्डल अध्यक्ष अर्पित तिवारी के नेतृत्व में एक अत्यंत महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का सुव्यवस्थित आयोजन संपन्न हुआ। बैठक में उपस्थित समस्त पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, शक्ति केन्द्र प्रमुखों एवं बूथ अध्यक्षों को संबोधित करते हुए मण्डल अध्यक्ष ने संगठन की आधारभूत इकाई बूथ को सुदृढ़ एवं सशक्त बनाने पर विशेष बल दिया।

उन्होंने निर्देशित किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के अंतर्गत बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) के साथ समन्वय स्थापित कर प्रत्येक बूथ पर व्यवस्थित शिविर आयोजित किए जाएँ तथा मतदाता सूची से संबंधित प्रपत्र-6 एवं प्रपत्र-8 के माध्यम से नए मतदाताओं के पंजीकरण और आवश्यक संशोधनों की प्रक्रिया को गति प्रदान की जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जन-जागरूकता अभियान चलाकर नवयुवकों एवं नये मतदाताओं को मतदाता सूची में नामांकन हेतु प्रेरित करें तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए संगठन के प्रत्येक कार्यक्रम का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें।

अपने उद्बोधन में उन्होंने आगामी प्रसारण श्रृंखला के अंतर्गत माननीय प्रधानमंत्री के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात को प्रत्येक बूथ पर अनिवार्य रूप से सामूहिक रूप में सुनने का आग्रह किया। उन्होंने उल्लेख किया कि ग्रेटर नोएडा मण्डल में पूर्व प्रसारण के अवसर पर सभी बूथों पर शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई थी। इस गौरवपूर्ण परंपरा को अक्षुण्ण बनाए रखना हम सभी का दायित्व है। साथ ही उन्होंने मण्डल के समस्त कार्यक्रमों में पूर्ण निष्ठा, सक्रिय सहभागिता एवं अनुशासित उपस्थिति सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया।

बैठक में महामंत्री रवि श्रीवास्तव एवं मुकेश दीक्षित, उपाध्यक्ष राघवेंद्र त्रिपाठी, सुनील शर्मा, दुष्यंत चौहान, कपिल भाटी, मंत्री अमीता सिंह, गौरव तोमर, भूपेन्द्र कुमार, गजेन्द्र विधुड़ी, पुनीत दीक्षित, ज्ञान चंद शर्मा, कोषाध्यक्ष आर्य कोरी तथा मीडिया प्रतिनिधि प्रभात अग्रवाल एवं भगवत प्रसाद शर्मा सहित अनेक गणमान्य कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।

रिपोर्ट -भगवत प्रसाद शर्मा

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!