नये मोबाइल में पुराने फोन का डाटा ट्रांसफर करने के दौरान 63 हजार रुपए का हुआ फ्राड
पीड़ित की तहरीर पर दुकान मालिक और कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज

औरंगाबाद( बुलंदशहर )एक दुकान पर ग्राहक द्वारा नये खरीदे गए मोबाइल फोन में पुराने फोन का डाटा ट्रांसफर करने के दौरान ग्राहक के खाते से तिरेसठ हजार रुपए उड़ा लिए गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मोबाइल शाप मालिक और कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
गांव सराय छबीला निवासी भूपेंद्र सिंह पुत्र नानक चंद ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर अवगत कराया है कि उसने दिनांक 15 मार्च को औरंगाबाद कस्बे के जहांगीराबाद चौराहे स्थित राही मोबाइल पाइंट शाप से एक नया मोबाइल फोन खरीदा था। नया मोबाइल खरीदने के बाद उसने पुराने मोबाइल का डाटा नये खरीदे गए मोबाइल में ट्रांसफर करने के लिए दुकान पर मौजूद मालिक असलम पुत्र अब्दुल रहीम तथा कर्मचारी हर्षित शर्मा पुत्र ब्रजेश शर्मा निवासी गांव बालका को दिया था। दुकान मालिक ने लगभग एक घंटे बाद मेरा मोबाइल वापस किया तो पता चला कि उसके खाते से इसी अवधि में 63000 रुपए निकाल लिए गए हैं। शिकायत कर्ता का यह भी कहना है कि इस दौरान तीन बार उसके खाते से रुपए निकालने का प्रयास किया गया जिसमें दो बार प्रयास असफल रहे जबकि तीसरे प्रयास में रुपए निकाल लिए गए।
पुलिस ने बी एन एस 2023 की धारा 318(4) के अंतर्गत दुकान मालिक असलम पुत्र अब्दुल रहीम तथा कर्मचारी हर्षित शर्मा पुत्र ब्रजेश शर्मा निवासी गांव बालका के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
दुकान मालिक असलम ने बताया कि यह साइबर ठगों द्वारा किया गया कृत्य है इसमें हमारा कोई दोष नहीं है। मोबाइल का डाटा ट्रांसफर करने के दौरान खरीददार दुकान पर मौजूद रहा और उसी के समक्ष मोबाइल फोन को चार्जिंग पर लगाकर डाटा ट्रांसफर किया गया
रिपोर्टर-राजेंद्र अग्रवाल






