शराबी पड़ोसी ने जबरन घर में घुसकर नाबालिग बालिका से किया बलात्कार
एस एस पी के आदेश पर पुलिस ने की छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज,नामजद आरोपी फरार

औरंगाबाद बुलंदशहर राजेन्द्र अग्रवाल कस्बे के एक मौहल्ले में एक नाबालिग लड़की के साथ उसके पड़ोसी युवक ने शराब के नशे में चूर हो जबरन घर में घुसकर बलात्कार किया। पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज ना करने पर पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से रिपोर्ट दर्ज कराने की गुहार लगाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर थाना पुलिस ने एक हफ्ते बाद छेड़छाड़ की मामूली धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। नामजद आरोपी फरार होने में कामयाब रहा।
मौहल्ला अजीजाबाद में 21 अप्रैल की रात्रि में एक युवक शराब पीकर नशे में धुत्त होकर पडौसी के घर में जीने के सहारे जबरन घुस आया और उसने एक चौदह वर्षीय बालिका के कमरे में घुस कर वहां अकेली सो रही बालिका को दबोच लिया। शराबी युवक ने कामान्ध हो बालिका के साथ जबरन मूंह काला किया और किसी को बताने पर जान से मार डालने की धमकी देते हुए भाग निकला।
बालिका ने दूसरे कमरे में सो रही अपनी मां को घटना की जानकारी दी। मां अपनी बेटी को लेकर थाने गई तो उसे पुलिस चौकी भेज दिया गया ।
बताया जाता है कि रिपोर्ट दर्ज ना करके पुलिस ने आरोपी को तलाश करने का आश्वासन देकर पीछा छुड़ा लिया।
पीड़िता का भाई जो कि गुजरात में काम करने गया हुआ था उसे सूचना दी गई तो उसने औरंगाबाद आकर पुलिस से संपर्क किया। बताया गया कि मामले में पंचायत बैठी जिसमें आरोपी और उसके पिता ने पीड़िता के भाई को भी जान से हाथ धोने की धमकी दे डाली। पीड़िता के भाई ने पुलिस को अवगत कराया लेकिन मामला दर्ज नहीं हुआ और फैसले का दबाव बनाया जाने लगा। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस ने
नामजद आरोपी आलोक पुत्र सूके सिंह के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर लिया। नामजद आरोपी फरार होने में कामयाब रहा।
थाना प्रभारी रामनरायण सिंह ने बताया कि बालिका का मैडिकल कराया जा रहा है। आरोपी की तलाश में दविश दी गई है शीघ्र ही बंदी बनाकर जेल भेजा जायेगा।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल






