मर्चेंट नेवी में नौकरी लगवाने का झांसा देकर ठगे दो लाख सत्तर हजार
ना लगी नौकरी रुपए लौटाने की बजाय जान से मारने की दे रहा धमकी ,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस ने की रिपोर्ट दर्ज

औरंगाबाद( बुलंदशहर )मर्चेंट नेवी में नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक जालसाज मुल्ला ने एक बेरोजगार नवयुवक से दो लाख सत्तर हजार रुपए ठग लिए। नौकरी नहीं मिलने पर जब युवक ने जालसाज से अपने रुपए वापस मांगे तो उसने जान से मार डालने की धमकी दे डाली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। नामजद आरोपी फरार होने में कामयाब रहा।
थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चरौरा मुस्तफाबाद निवासी अभिकेत सिंह पुत्र मनोज सैनी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर अवगत कराया कि उसका दनकौर निवासी बंटी पुत्र शेर सिंह के यहां अनेक वर्षों से आना जाना था। बंटी के यहां महबूब अंसारी मुल्ला निवासी औरंगाबाद का भी आना जाना लगा रहता था। महबूब मुल्ला ने उसे मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो लाख सत्तर हजार रुपए ठग लिए। उसने एक लाख तीस हजार रुपए आन लाइन अपनी मां के खाते से और एक लाख चालीस हजार रुपए नकद बंटी के सामने दिये। मुल्ला ने तीन महीने में नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया था। नौकरी नहीं लगवाने पर उसने मुल्ला से अपने रुपए वापस मांगे तो वह गाली गलौज करते हुए जान से मार डालने की धमकी देने लगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। नामजद आरोपी फरार होने में कामयाब रहा।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल






