शक्ति केंद्रों के सुदृढ़ीकरण हेतु भाजपा ग्रेटर नोएडा मण्डल की रणनीतिक बैठक सम्पन्न
शक्ति केंद्रों के सुदृढ़ीकरण हेतु भाजपा कार्यकर्ताओं को दिया गया संगठनात्मक मंत्र

ग्रेटर नोएडा:भारतीय जनता पार्टी ग्रेटर नोएडा मण्डल द्वारा संगठनात्मक सशक्तिकरण एवं आगामी विधानसभा चुनावों की व्यापक तैयारियों को लेकर दिनांक 23 मई 2026 को सायं 6 बजे मण्डल कार्यालय पर एक महत्त्वपूर्ण एवं रणनीतिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक मण्डल अध्यक्ष अर्पित तिवारी के नेतृत्व एवं ग्रेटर नोएडा मण्डल प्रभारी मनोज गर्ग की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता की प्रतिमा पर पुष्पार्चन एवं वंदन के साथ राष्ट्रभक्ति के भावपूर्ण वातावरण में किया गया। बैठक का मूल उद्देश्य 24 मई 2026 से प्रारम्भ होने वाली शक्ति केंद्र स्तरीय बैठकों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, संगठित एवं परिणामोन्मुख स्वरूप प्रदान करना रहा।

बैठक के दौरान शक्ति केंद्र संयोजकों एवं बूथ अध्यक्षों को बूथ कार्यसमिति के साथ समन्वय स्थापित कर प्रत्येक बूथ को संगठनात्मक दृष्टि से सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। कार्यकर्ताओं को जनसंपर्क अभियान, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर ग्रेटर नोएडा मण्डल प्रभारी मनोज गर्ग ने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में निहित होती है। यदि प्रत्येक कार्यकर्ता पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण भाव से अपने दायित्वों का निर्वहन करे तो आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा ऐतिहासिक विजय प्राप्त करेगी।
वहीं मण्डल अध्यक्ष अर्पित तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का व्यापक अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों, उपलब्धियों एवं जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाना होगा। जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर संगठन एवं शासन स्तर पर उनके निराकरण हेतु सतत प्रयास करना ही भाजपा कार्यकर्ता का मूल दायित्व है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों का शंखनाद हो चुका है और अब प्रत्येक बूथ पर विजय सुनिश्चित करने के लिए संगठन को और अधिक सक्रिय एवं संगठित होने की आवश्यकता है।
बैठक में मण्डल के समस्त पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष एवं बूथ कार्यसमिति के सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
रिपोर्ट -भगवत प्रसाद शर्मा






