ग्रेटर नोएडा

नियमित योग से शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक उन्नयन संभव – मुख्य विकास अधिकारी”

योग की सतत साधना से ही स्वस्थ और दीर्घायु जीवन का मार्ग प्रशस्त -भालचन्द्र त्रिपाठी”

योग सप्ताह के पंचम दिवस विकास भवन सूरजपुर में संपन्न हुआ प्रेरणादायी योग साधना शिविर

ग्रेटर नोएडा:12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून 2026) के उपलक्ष्य में आयोजित योग सप्ताह के अंतर्गत पंचम दिवस पर जनपद गौतम बुद्ध नगर के विकास भवन, सूरजपुर में एक गरिमामय एवं प्रेरणास्पद योग साधना शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मुख्य विकास अधिकारी श्री भालचन्द्र त्रिपाठी के मार्गदर्शन एवं सान्निध्य में संपन्न हुआ, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर योगाभ्यास के माध्यम से स्वास्थ्य संवर्धन का संकल्प लिया।

शिविर में आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक कुलभूषण धर दुबे एवं मनीष धर दुबे और सविता शर्मा ने प्रतिभागियों को विविध योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने योग के वैज्ञानिक, आध्यात्मिक एवं जीवनोपयोगी पक्षों पर प्रकाश डालते हुए इसे दैनिक दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. वंदना रानी, जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. प्रीति सिंघल, जनपद के आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारी, फार्मासिस्ट तथा अन्य विभागीय कार्मिकों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प व्यक्त किया।

मुख्य विकास अधिकारी श्री भालचन्द्र त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारतीय ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक सुदृढ़ता, मानसिक एकाग्रता एवं आध्यात्मिक संतुलन प्रदान करती है। उन्होंने जनपदवासियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करें तथा योग को केवल एक औपचारिक आयोजन तक सीमित न रखकर जीवन की सतत साधना बनाएं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. वंदना रानी एवं डॉ. प्रीति सिंघल ने कहा कि योग स्वस्थ, निरामय एवं दीर्घायु जीवन का सशक्त आधार है। उन्होंने नागरिकों से प्रतिदिन योगाभ्यास करने तथा आगामी 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य आयोजन में बढ़-चढ़कर सहभागिता कर कार्यक्रम को ऐतिहासिक सफलता प्रदान करने का आह्वान किया।

आर्ट ऑफ लिविंग जिला गौतमबुद्धनगर की संचालिका सविता शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को रोगमुक्त, ऊर्जावान एवं अनुशासित जीवन की ओर अग्रसर करता है तथा वर्तमान समय की तनावपूर्ण जीवनशैली में योग एक प्रभावी जीवन-पद्धति के रूप में स्थापित हो चुका है।

योग सप्ताह के अंतर्गत आयोजित यह शिविर जनपद में स्वास्थ्य जागरूकता, सकारात्मक जीवनशैली एवं योग संस्कृति के व्यापक प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।

 

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!