नन्हे गोयनकन्स ने चॉकलेट डे पर बिखेरी खुशियों की मिठास

ग्रेटर नोएडा : जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, स्वर्ण नगरी, ग्रेटर नोएडा में मंगलवार को प्री-नर्सरी से कक्षा द्वितीय तक के विद्यार्थियों ने चॉकलेट डे बड़े उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया। विद्यालय परिसर चॉकलेट थीम पर आधारित आकर्षक सजावट, बच्चों की खिलखिलाहट और रंग-बिरंगी गतिविधियों से सराबोर रहा।
विशेष प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को चॉकलेट की निर्माण प्रक्रिया, संतुलित खान-पान तथा दंत स्वच्छता के महत्व की जानकारी रोचक ढंग से दी गई। इसके पश्चात बच्चों ने चॉकलेट मेकिंग, चॉकलेट रैपर कोलाज, रचनात्मक कला एवं शिल्प, मनोरंजक खेलों तथा विभिन्न चॉकलेट स्टेशनों पर आयोजित गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने एक-दूसरे के साथ चॉकलेट साझा कर प्रेम, मित्रता, सहयोग और बाँटने की भावना का संदेश दिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. रेणु सहगल ने कहा कि ऐसी गतिविधियाँ बच्चों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मकता, सामाजिक कौशल और अनुभवात्मक अधिगम को सुदृढ़ करती हैं। कार्यक्रम के अंत में प्रत्येक बच्चे के चेहरे पर मुस्कान और मन में मधुर यादें थीं, जिसने पूरे वातावरण को आनंद और उल्लास से भर दिया।






