ग्रेटर नोएडा

आईआईएलएम विश्वविद्यालय में “वार्षिक पुस्तक प्रदर्शनी–2026–27” का भव्य आयोजन

ज्ञान-संवर्धन, अनुसंधान-संवेदन एवं अकादमिक उत्कृष्टता को मिला नया आयाम

ग्रेटर नोएडा:आईआईएलएम विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा के नॉलेज रिसोर्स सेंटर (KRC) के तत्वावधान में गुरुवार, 16 जुलाई 2026 को एसवीएच ब्लॉक परिसर में “वार्षिक पुस्तक प्रदर्शनी–2026–27” का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस आयोजन का मूल उद्देश्य विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधकर्ताओं एवं कर्मचारियों को नवीनतम शैक्षणिक, अनुसंधानपरक तथा संदर्भग्रंथों से अवगत कराते हुए पुस्तकालय के संग्रह-संवर्धन हेतु उच्चकोटि के प्रकाशनों का चयन सुनिश्चित करना था।

प्रदर्शनी का शुभारंभ प्रातः 10:00 बजे विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. जयशंकर वरियर तथा प्रो-वाइस चांसलर डॉ. निहार अमोनकर ने दीपप्रज्ज्वलन एवं पुस्तक अवलोकन के साथ किया। इस अवसर पर कुलपति ने अपने उद्बोधन में कहा कि पुस्तकालय किसी भी उच्च शिक्षण संस्थान का बौद्धिक मेरुदण्ड होता है, जहाँ से ज्ञान, नवाचार एवं अनुसंधान की सृजनात्मक चेतना निरंतर प्रवाहित होती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पुस्तक प्रदर्शनी न केवल शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को समृद्ध करती है, बल्कि अकादमिक समुदाय और प्रकाशन-जगत के मध्य सार्थक संवाद एवं ज्ञान-सहभागिता का प्रभावी माध्यम भी सिद्ध होती है।

प्रो-वाइस चांसलर डॉ. निहार अमोनकर ने अपने संबोधन में कहा कि गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का आधार अद्यतन ज्ञान-संसाधन हैं। उन्होंने नॉलेज रिसोर्स सेंटर द्वारा आयोजित इस पहल को ज्ञान-परंपरा के संवर्धन तथा अनुसंधान संस्कृति को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण प्रयास बताया।

प्रदर्शनी में देश के अग्रणी एवं प्रतिष्ठित प्रकाशन संस्थानों तथा पुस्तक विक्रेताओं ने सहभागिता की। इनमें टाटा मैकग्रा हिल, पियर्सन, टैक्समैन, कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी प्रेस, एस. चंद, हिमालया पब्लिशिंग हाउस, द हिंदू, लेक्सिसनेक्सिस, मेट्रो बुक्स, अटलांटिक पब्लिशर्स सहित अनेक प्रतिष्ठित प्रकाशकों ने अपने नवीनतम प्रकाशनों का प्रदर्शन किया। विभिन्न स्टॉलों पर इंजीनियरिंग, प्रबंधन, विधि, कंप्यूटर विज्ञान, वाणिज्य, मानविकी, सामाजिक विज्ञान तथा अन्य समसामयिक एवं अंतर्विषयी विषयों से संबंधित नवीनतम पुस्तकों एवं संदर्भ सामग्री का समृद्ध संकलन प्रदर्शित किया गया।

प्रदर्शनी के दौरान विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के प्राध्यापकों, शोधार्थियों एवं कर्मचारियों ने पुस्तकों का गहन अवलोकन करते हुए पुस्तकालय हेतु आवश्यक शीर्षकों का चयन एवं अनुशंसा की। साथ ही प्रकाशन संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ शैक्षणिक आवश्यकताओं, नवीन शोध प्रवृत्तियों तथा विषयानुकूल प्रकाशनों पर सारगर्भित विमर्श भी हुआ, जिससे पुस्तकालय संग्रह को अधिक समकालीन, प्रासंगिक एवं उपयोगी बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वयन नॉलेज रिसोर्स सेंटर (KRC) की टीम द्वारा अत्यंत सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से किया गया। उत्कृष्ट प्रकाशनों की उपलब्धता, अकादमिक समुदाय की सक्रिय सहभागिता तथा प्रतिभागियों से प्राप्त सकारात्मक अभिमतों ने इस आयोजन को पूर्णतः सफल एवं सार्थक बनाया।

रिपोर्टर-भगवत प्रसाद शर्मा

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!