ग्रेटर नोएडा मण्डल के सभी 133 बूथों पर सुना गया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम

ग्रेटर नोएडा: भारतीय जनता पार्टी के ग्रेटर नोएडा मण्डल के अंतर्गत रविवार को सभी 133 बूथों पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष, शक्ति केन्द्र संयोजक, महिला एवं युवा मोर्चा के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कारगिल विजय दिवस पर राष्ट्र की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके साहस और समर्पण को देशवासियों के लिए प्रेरणा बताया। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी रक्षा उत्पादन, अंतरिक्ष विज्ञान, युवाओं के नवाचार, पर्यावरण संरक्षण, जल संचयन, ‘कैच द रेन’ अभियान, ‘वेस्ट टू वेल्थ’, महिला स्वयं सहायता समूहों, खादी, हस्तकरघा तथा भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण जैसे विषयों पर जनभागीदारी का आह्वान किया।
भाजपा ग्रेटर नोएडा मण्डल अध्यक्ष श्री अर्पित तिवारी ने कहा कि सभी 133 बूथों पर कार्यक्रम का सफल आयोजन संगठन की सुदृढ़ कार्यशैली, अनुशासन और कार्यकर्ताओं के समर्पण का परिचायक है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
मीडिया प्रभारी डॉ. भगवत प्रसाद शर्मा ने कहा कि ‘मन की बात’ समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला जनसंवाद है, जो राष्ट्रनिर्माण, आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जनजागरण का प्रभावी माध्यम बन चुका है। कार्यक्रम के उपरांत कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुँचाने तथा राष्ट्रहित के अभियानों को और गति देने का संकल्प लिया।






