गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति के उल्लास के साथ मनाया गया

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू ) में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और गौरव के भाव के साथ भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय कवि एवं गायक श्री गजेंद्र सोलंकी जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके देशभक्ति से ओतप्रोत काव्य पाठ और गीतों ने विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय परिवार में जोश और राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के बलिदान को स्मरण करने का दिन है, जिनके त्याग और समर्पण से देश की स्वतंत्रता और संप्रभुता सुरक्षित है। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे राष्ट्र निर्माण में अपनी ज्ञान, प्रतिभा और नवाचार की भूमिका निभाएं तथा विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दें। उन्होंने कहा कि “राष्ट्रप्रेम केवल शब्दों में नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों के ईमानदार निर्वहन और समाज एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी में दिखाई देता है।”
कार्यक्रम में भारतीय सेना के 17 जाट रेजिमेंट के शहीद नितिन कुमार की माता जी को सम्मानित कर विश्वविद्यालय परिवार ने उनके अदम्य साहस और त्याग को नमन किया। इस भावुक क्षण ने उपस्थित विद्यार्थियों और शिक्षकों को वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान की याद दिलाई।
मुख्य अतिथि श्री गजेंद्र सोलंकी जी ने अपने संबोधन एवं देशभक्ति से परिपूर्ण कविताओं के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना जगाई। उन्होंने कहा कि भारत की शक्ति उसकी युवा पीढ़ी में निहित है और युवाओं को अपने ज्ञान, संस्कार और कर्म के माध्यम से राष्ट्र को मजबूत बनाने का संकल्प लेना चाहिए। उनके ओजपूर्ण काव्य पाठ ने पूरे परिसर को देशभक्ति के भाव से भर दिया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के अंतर्गत ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय परिसर में तिरंगा रैली भी आयोजित की गई। विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ रैली में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। विश्वविद्यालय परिवार ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर के निर्माण का संकल्प लिया।
समारोह में राष्ट्रगान, देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न गतिविधियों ने कार्यक्रम को विशेष रूप से आकर्षक बनाया। पूरे विश्वविद्यालय परिसर में तिरंगे की शान और देशभक्ति का उत्साह दिखाई दिया।
गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय का यह स्वतंत्रता दिवस समारोह राष्ट्रप्रेम, वीरों के सम्मान, पर्यावरण संरक्षण और युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का प्रेरणादायी संदेश देकर संपन्न हुआ।






