उत्तर प्रदेश

रोमेक्स इंटरनेशनल स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

मथुरा: रोमेक्स इंटरनेशनल स्कूल में देशभक्ति, उत्साह एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना से ओत-प्रोत वातावरण में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि वैश्विक स्तर पर सम्मानित मोटिवेशनल मेंटर एवं स्पीकर तथा निमाई पाठशाला की संस्थापक, एशियन गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता श्रीमती रेणुका पुंडरीक गोस्वामी जी रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती रेणुका पुंडरीक गोस्वामी जी, विद्यालय के चेयरमैन श्री एस.पी. सिंह, डायरेक्टर श्री कृष्णा चौधरी एवं प्रधानाचार्या डॉ. प्रिया चौधरी द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। राष्ट्रगान के पश्चात विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों एवं भारत माता के जयघोष से गूंज उठा,

स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। शिक्षिका सुमी के निर्देशन में छात्राओं जयति, जन्मनी नृत्य की शानदार प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। वहीं अध्यापक मोहित के निर्देशन में ‘लगान’ एवं ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की भावपूर्ण झलक प्रस्तुत करती लघु नृत्य नाटिका ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम, वीरता और भारतीय सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

मुख्य अतिथि श्रीमती रेणुका पुंडरीक गोस्वामी जी ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को भारतीय होने के गौरव का महत्व समझाया। उन्होंने बच्चों को अपने देश, समाज एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार बनने तथा अपने कर्तव्यों के प्रति सदैव सजग रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति में युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका है और प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।

कार्यक्रम का सफल संचालन अध्यापक दीपक सेमवाल एवं शिक्षिका दीप्ति अग्रवाल ने प्रभावशाली ढंग से किया। समारोह के अंत में प्रधानाचार्या डॉ. प्रिया चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

समारोह ने विद्यार्थियों में देशप्रेम, एकता, अनुशासन एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया। पूरे विद्यालय परिसर में “वंदे मातरम्” और “भारत माता की जय” के जयघोष के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का समापन हुआ।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!