दनकौर

बीडीआरडी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज कन्या भारती की बहिनों ने चिकित्सालय एवं थाना परिसर में बांधी राखियां

दनकौर:बिशम्बर दयाल राममूर्ति देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, दनकौर की कन्या भारती की बहनों ने रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर सेवा, सम्मान और भाईचारे की अनूठी मिसाल प्रस्तुत की। छात्राओं ने दनकौर नगर स्थित प्राथमिक चिकित्सालय पहुंचकर चिकित्सा प्रभारी दिव्या गुप्ता एवं त्रिलोक नागर तथा अन्य सभी स्वास्थ्यकर्मियों को राखी बांधी। थाना दनकौर में पहुंचकर थानाध्यक्ष मनोज कुमार व अन्य उपनिरीक्षकों एवं सभी पुलिसकर्मियों को राखी बांधी और उन्हें रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं।

कन्या भारती की बहिनों ने राखी बांधकर समाज की सेवा में निरंतर तत्पर चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। इस अवसर पर छात्राओं ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि परस्पर सहयोग, सुरक्षा, सेवा और सामाजिक सौहार्द की भावना को मजबूत करने वाला पर्व है।

प्राथमिक चिकित्सालय एवं थाना परिसर में छात्राओं के पहुंचने पर सभी ने उनके इस सेवा एवं संस्कारपूर्ण कार्य की सराहना की। छात्राओं के इस प्रयास से रक्षाबंधन का पर्व सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य जयप्रकाश सिंह ने कन्या भारती की बहिनों के इस प्रेरणादायी एवं संस्कारपूर्ण कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सेवा, सम्मान, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य जयप्रकाश सिंह, आचार्या एवं कन्या भारती की बहनें उपस्थित रहीं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!