राम जी द्वारा सीता स्वयंवर में धनुष भंग करने पर गूंजे जय श्री राम के उद्घोष
लक्ष्मण परशुराम संवाद से हुआ लीला विराम,शिव द्वारा यशोदानंदन के बाल स्वरूप दर्शन लीला रही मुख्य आकर्षण का केंद्र

औरंगाबाद (बुलंदशहर )रामलीला में बुधवार को भगवान श्री राम द्वारा सीता स्वयंवर में धनुष तोड़े जाते ही गदगद दर्शकों ने जय श्री राम के गगनभेदी नारों से समूचा पंडाल हर्षोल्लास में भर दिया। लक्ष्मण परशुराम संवाद के साथ ही लीला को विराम दिया गया,

प्राचीन नागेश्वर मंदिर के रामलीला मैदान में श्री राम लीला अभिनय मंडल के तत्वावधान में चल रहे रामलीला महोत्सव के चौथे दिन की लीला का शुभारंभ नामित सभासद नरेश तायल , पप्पी गूर्जर और गौरव लोधी ने भगवान राम की आरती उतार कर किया। मंडल के स्थानीय लोकप्रिय शौकिया कलाकारों द्वारा अहिल्या उद्धार, पुष्प वाटिका में राम सीता का प्रथम मिलन, मां सीता द्वारा गौरी पूजन, जनकपुर बाजार में राम-लक्ष्मण भृमण, जनक दरबार में सीता स्वयंवर में रावण बाणासुर संवाद, भगवान श्री राम द्वारा धनुष तोड़े जाने और शिव धनुष तोड़े जाते ही परशुराम का जनक दरबार में आगमन और लक्ष्मण परशुराम संवाद की लीलाओं का मनोहारी मंचन किया गया। हापुड़ के रोहित निखिल एंड म्यूजिकल ग्रुप द्वारा पेश किए गए राजस्थानी लोक नृत्य, और बाल कृष्ण यशोदा नंदन के दर्शन करने कैलाश से नंदभवन आये शिव की शानदार प्रस्तुति से समूचा पंडाल भाव विभोर हो गया। जनकपुर बाजार में मोटे राम हवा हवाई की रोमांचक पैरोडी में निखिल सिंघल एडवोकेट, नितिन सिंघल,टीटू सर्राफ, हरेंद्र लोधी और मोटे राम हवा हवाई के किरदार में जितेंद्र कुमार उर्फ बबलू कपड़े वालों ने दर्शकों को हंसते-हंसते लोट-पोट कर दिया। रावण बाणासुर संवाद के दौरान पवन सैनी ने लंकेश रावण के सजीव किरदार से दर्शकों को मोह लिया।
लक्ष्मण परशुराम संवाद से लीला को विराम दिया गया। मंच संचालन मनोज गुप्ता ने किया। सैकड़ों लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। गुरुवार को राम बारात धूमधाम से निकाली जाएगी। जगन्नाथ रथ यात्रा रामबरात के प्रमुख आकर्षण में शामिल रहेगी।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल






