गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में रक्तदान शिविर आयोजित, 100 से अधिक लोगों ने किया रक्तदान

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के समाजशास्त्र एवं समाज कार्य विभाग तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई-3 के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 100 से अधिक यूनिट रक्तदान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में योगदान देना था।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के उप-कुलसचिव प्रो. उत्तम कुमार भी मौजूद रहे। गौतम बुद्ध नगर चैरिटेबल ब्लड सेंटर की ओर से विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया |
इस अवसर पर कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान मानवता की सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। रक्तदान के जरिए जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाने में सहायता की जा सकती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और युवाओं की सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों में भागीदारी समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों को प्रदर्शित करती है।
कुलपति ने शिविर में रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को प्रशस्ति प्रमाणपत्र प्रदान कर उनके योगदान की प्रशंसा की इस पहल का उद्देश्य रक्तदाताओं का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं को स्वैच्छिक रक्तदान और सामाजिक सेवा के कार्यों के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का संरक्षण प्रो. माधव गोविंद, डीन, स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज ने किया। उनके मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर ने विश्वविद्यालय परिसर में सामाजिक उत्तरदायित्व, सामुदायिक सहभागिता और मानवीय संवेदनाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिविर का संयोजन डॉ. राहुल कपूर, कार्यक्रम अधिकारी, एनएसएस इकाई-3 ने किया। एनएसएस इकाई-3 की फैकल्टी मेंटर डॉ. कृति मिश्रा भी इस अवसर पर उपस्थित रहीं। समाजशास्त्र एवं समाज कार्य विभाग के सदस्यों और एनएसएस स्वयंसेवकों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया तथा स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाने में योगदान दिया। शिविर का आयोजन गौतम बुद्ध नगर चैरिटेबल ब्लड सेंटर के सहयोग से किया गया।
गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय का यह आयोजन सामाजिक प्रतिबद्धता और सामुदायिक कल्याण के प्रति उसकी सक्रिय भूमिका को दर्शाता है। शिविर में 100 से अधिक यूनिट रक्तदान के माध्यम से विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों और अन्य रक्तदाताओं ने जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया। इस पहल ने युवाओं को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति प्रेरित करते हुए यह संदेश दिया कि रक्तदान महादान है और किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम बन सकता है।






