प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड का भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया सामूहिक श्रवण, विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का आह्वान

ग्रेटर नोएडा:माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड का आज भारतीय जनता पार्टी, ग्रेटर नोएडा मंडल के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने विभिन्न बूथों पर सामूहिक रूप से श्रवण किया। प्रधानमंत्री जी के प्रेरणादायी संबोधन में राष्ट्र निर्माण, युवा शक्ति, सामाजिक जागरूकता, डिजिटल सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वदेशी उत्पादों, भारतीय संस्कृति एवं आत्मनिर्भर भारत जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डाला गया।
प्रधानमंत्री जी ने अपने संबोधन में युवाओं को नशे की बुराई से दूर रखने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूँजी है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और सामर्थ्य का उपयोग सकारात्मक दिशा में होना चाहिए। नशामुक्त समाज का निर्माण केवल सरकार का नहीं, बल्कि परिवार, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।
उन्होंने साइबर अपराधों एवं डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के लिए ‘संचार साथी’ पोर्टल और मोबाइल ऐप की उपयोगिता का उल्लेख करते हुए नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। साथ ही ‘मिशन कर्मयोगी’ के माध्यम से सरकारी कर्मचारियों के कौशल विकास, आधुनिक तकनीक के ज्ञान और जनसेवा में संवेदनशीलता के महत्व को रेखांकित किया।
प्रधानमंत्री जी ने बिहार संग्रहालय और गुजरात के वडनगर स्थित अनंत अनादि पुरातात्त्विक संग्रहालय की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए भारतीय ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करने का आह्वान किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक खाद्य पदार्थों, कच्छ की ऊँटनी के दूध से निर्मित चॉकलेट तथा तमिलनाडु के जैविक ताड़ के गुड़ की अंतरराष्ट्रीय पहचान का उदाहरण देते हुए ‘स्थानीय से वैश्विक’ की अवधारणा को प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में फिट इंडिया अभियान, साइकिल चलाने, नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश भी प्रमुखता से सामने आया। इसके अतिरिक्त भारतीय कला की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों, खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले महान व्यक्तित्वों के स्मरण के माध्यम से राष्ट्रीय गौरव और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
भाजपा ग्रेटर नोएडा मंडल के अध्यक्ष श्री अर्पित तिवारी जी ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की सकारात्मक उपलब्धियों, जनभागीदारी और सामाजिक परिवर्तन को समझने का सशक्त माध्यम है। प्रधानमंत्री जी के विचार प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित में अपनी भूमिका निभाने तथा समाज के प्रति उत्तरदायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम के संयोजक मुकेश दीक्षित ने बताया कि ग्रेटर नोएडा मण्डल के सभी 137 बूथों पर मन की बात का कार्यक्रम सुचारू रूप से सुना गया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री जी के संदेशों को जन-जन तक पहुँचाएँ तथा नशामुक्ति, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल जागरूकता, स्वदेशी उत्पादों के प्रोत्साहन और सामाजिक सेवा के कार्यों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।
मीडिया प्रभारी भगवत प्रसाद शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री जी के विचारों को आत्मसात करते हुए विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने में अपना योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया।
रिपोर्टर भगवत प्रसाद शर्मा






