स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर चलाया जागरूकता अभियान
फर्स्ट रिहैब फाउंडेशन के निदेशक डॉ. महिपाल सिंह ने सेक्टर 73 में लोगों को किया जागरूक

नोएडा: सेक्टर 73 स्थित महादेव अपार्टमेंट में रविवार को स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। आईकेयर नोएडा अभियान के तहत फर्स्ट रिहैब फाउंडेशन के निदेशक , फिजियोथेरेपिस्ट एवं एर्गोनोमिस्ट डॉ. महिपाल सिंह ने लोगों को स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया।

डॉ. महिपाल सिंह ने आरएसआई यानी रिपीटेटिव स्ट्रेन इंजरी, पोस्चरल करेक्शन, मानव शरीर पर भावनात्मक प्रभाव और हीट वेव से बचाव जैसे विषयों पर विस्तार से बात की। उन्होंने बताया कि हमारे बोलने का तरीका और व्यवहार भी हमारी सेहत के लिए जिम्मेदार होता है।

उन्होंने समझाया कि अगर शरीर में चिड़चिड़ापन, हल्का दर्द या कोई भी बदलाव होता है तो शरीर में अपने आप कुछ शारीरिक बदलाव आने लगते हैं। इससे आपका व्यवहार बदल जाता है, आप ज्यादा चिड़चिड़े हो जाते हैं और इसका असर सिर्फ आप पर नहीं बल्कि आपके पूरे परिवार और पूरे समाज पर पड़ता है।
डॉ. महिपाल सिंह ने बताया कि शरीर दिमाग और मन दोनों के साथ मिलकर काम करता है। अगर मन सही स्थिति में नहीं है तो इसका असर पूरे परिवार पर पड़ता है और परिवार के सदस्यों के बीच बातचीत में तनाव पैदा हो जाता है। मानसिक स्थिति में उतार-चढ़ाव के कारण व्यक्ति अक्सर अकेले रहना चाहता है।
उन्होंने कहा कि आज की दैनिक दिनचर्या से हमारा दिमाग और बाकी शरीर किस तरह से प्रभावित हो रहे हैं। गलत पोस्चर और आरएसआई से बचने के लिए सही तरीके से व्यायाम और काम करना जरूरी है। साथ ही उन्होंने हीट वेव से बचाव के उपाय भी बताए। दिमागी तौर पर स्वस्थ रहेंगे तो अन्य काम भी आसान हो जाएंगे।
इस दौरान ऑक्यूपेशनल थेरेपिस्ट एवं प्रबंध निदेशक डॉ. दीक्षा श्रीवास्तव मौजूद रहीं। सोसाइटी के निवासियों ने स्वच्छता अभियान चलाया और पौधारोपण किया। फर्स्ट रिहैब फाउंडेशन के बच्चों द्वारा बनाए गए हैंडवॉश, सैनिटाइज़र, साबुन आदि का वितरण भी किया गया।






