ग्रेटर नोएडा

विश्व स्तनपान सप्ताह पर होंडा इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

ग्रेटर नोएडा:विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर स्वाभिमान टीम द्वारा होंडा इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से “स्तनपान: आजीवन स्वास्थ्य की मजबूत नींव” थीम पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जीआईएमएस (GIMS) के चिकित्सक, आशा, एएनएम एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान जीआईएमएस के चिकित्सकों ने गर्भवती एवं धात्री माताओं को जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान प्रारंभ करने, पहले छह माह तक केवल माँ का दूध पिलाने, सही स्तनपान तकनीक अपनाने तथा दो वर्ष तक पूरक आहार के साथ स्तनपान जारी रखने के महत्व की जानकारी दी। साथ ही स्तनपान से जुड़े मिथकों एवं तथ्यों पर चर्चा करते हुए सही स्तनपान की स्थिति एवं शिशु को डकार दिलाने का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया।

इस अवसर पर आयोजित प्रश्नोत्तरी में सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार प्रदान किए गए। चिकित्सकों ने परिवार, विशेषकर पति एवं सास सहित अन्य सदस्यों की सहयोगात्मक भूमिका पर प्रकाश डालते हुए स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए संतुलित आहार, पर्याप्त पानी तथा आयरन, कैल्शियम एवं प्रोटीन युक्त भोजन के महत्व की जानकारी दी।

कार्यक्रम में जननी सुरक्षा योजना (JSY), प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA), पोषण अभियान एवं वीएचएनडी (VHND) सहित विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।

कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय में स्तनपान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, माताओं एवं परिवारों को वैज्ञानिक एवं सही जानकारी उपलब्ध कराना तथा स्वस्थ शिशु एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए स्तनपान को प्रोत्साहित करना था। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गर्भवती एवं धात्री माताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा समुदाय के अन्य सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रिपोर्टर घनश्याम पाल

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!