सम्राट मिहिरभोज की जयंती पर सामाजिक एकजुटता और शिक्षा पर जोर
समान विचारधारा वाले दलों के साथ मिलकर 2027 का विधानसभा चुनाव मजबूती से लड़ने का ऐलान

बिलासपुर: राष्ट्र रक्षक गुर्जर प्रतिहार सम्राट मिहिरभोज की जयंती के अवसर पर रविवार को सम्राट मिहिरभोज समाज पार्टी की ओर से दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल के ऑडिटोरियम में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज की एकजुटता, शिक्षा, राजनीतिक भागीदारी और सामाजिक कुरीतियों को दूर करने पर जोर दिया गया। समारोह में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोगों एवं पार्टी पदाधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सम्राट मिहिरभोज समाज पार्टी के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरेंद्र गुर्जर गुरुजी ने सम्राट मिहिरभोज के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर समारोह का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र रक्षक गुर्जर प्रतिहार सम्राट मिहिरभोज महान शासक थे। उन्होंने बताया कि सम्राट मिहिरभोज ने 836 ईस्वी से 885 ईस्वी तक शासन किया और उनकी राजधानी कन्नौज थी, जो वर्तमान में उत्तर प्रदेश में स्थित है। उनके शासनकाल में विदेशी आक्रांताओं के लिए उनकी सीमाओं में प्रवेश करना आसान नहीं था। उन्होंने गुर्जर प्रतिहार वंश के लंबे शासनकाल और भारतीय इतिहास में उसके योगदान पर भी प्रकाश डाला।
राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरेंद्र गुर्जर ने कहा कि समाज को अपने गौरवशाली इतिहास को जानने के साथ वर्तमान चुनौतियों के लिए भी संगठित होना होगा। उन्होंने कहा कि सम्राट मिहिरभोज समाज पार्टी समान विचारधारा वाले दलों के साथ मिलकर 2027 का विधानसभा चुनाव मजबूती से लड़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने और समाज के लोगों को एकजुट करने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता डॉ. सूरत सिंह गुर्जर ने समाज में शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि बेटों के साथ बेटियों को भी उच्च शिक्षा दिलाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने दहेज प्रथा का विरोध करते हुए दहेज मुक्त विवाह करने तथा मांस और मदिरा के सेवन से दूर रहने का संकल्प दिलाया।
उन्होंने अपने शैक्षिक अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अमेरिका में डॉक्टरेट की पढ़ाई में प्रथम स्थान प्राप्त किया और विश्व की शीर्ष विश्वविद्यालय से डिग्री हासिल की। उन्होंने कहा कि समाज को शिक्षा के महत्व को समझना होगा, लेकिन केवल शिक्षा ही पर्याप्त नहीं है। शिक्षा के साथ राजनीतिक और प्रशासनिक क्षेत्र में भी समाज की प्रभावी भागीदारी जरूरी है। इसके लिए सभी को एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने समाज को राजनीतिक मंच उपलब्ध कराने के लिए सम्राट मिहिरभोज समाज पार्टी के गठन पर राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरेंद्र गुर्जर की सराहना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी सुखबीर सिंह आर्य ने की। उन्होंने समाज के लोगों से सम्राट मिहिरभोज एवं आर्य समाज के संस्थापक स्वामी दयानंद सरस्वती के आदर्शों पर चलने और समाजहित में समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
प्रोफेसर डॉ. बीएस रावत ने कहा कि समाज को शिक्षा, संगठन और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में लगातार कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरेंद्र गुर्जर के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने का आह्वान किया।
वरिष्ठ समाजसेवी चौधरी महेश भाटी गुर्जर ने अपने संबोधन में वर्ष 2021 में सम्राट मिहिरभोज के नाम के साथ ‘गुर्जर’ शब्द को लेकर उत्पन्न विवाद का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए और यदि किसी अधिकारी या नेता की भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज के नेताओं के आंदोलन और दबाव के बाद सरकार को निर्णय वापस लेकर सम्राट मिहिरभोज के नाम के साथ ‘गुर्जर’ शब्द पुनः अंकित करना पड़ा।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और समाज के लोग रहे मौजूद,कार्यक्रम का आयोजन सम्राट मिहिरभोज समाज पार्टी के 63 जेवर विधानसभा प्रभारी पंडित सोनू शर्मा ने किया। मंच संचालन पंडित पवन पराशर गुरुजी ने किया।
इस दौरान मास्टर जगपाल भाटी राष्ट्रीय सचिव, चौधरी चंद्रपाल सूबेदार प्रदेश महासचिव उत्तर प्रदेश, चौधरी देवीराम भाटी गुर्जर प्रदेश उपाध्यक्ष उत्तर प्रदेश, चौधरी धर्मेंद्र नागर गुर्जर अध्यक्ष लघु उद्योग प्रकोष्ठ उत्तर प्रदेश, चौधरी जोगेंद्र भाटी प्रदेश सचिव उत्तर प्रदेश, चौधरी देवेंद्र भाटी बुलंदखेड़ा अध्यक्ष मेरठ मंडल, श्रीमती ठाकुर बिना सिंह प्रदेश उपाध्यक्ष महिला मोर्चा उत्तर प्रदेश, चौधरी श्यामसुंदर नगर जिला प्रभारी गौतमबुद्धनगर, श्रीमती पूनम शर्मा सहित अन्य वक्ताओं ने विचार रखे।
कार्यक्रम में चौधरी जगदीश भाटी बांजरपुर जिला उपाध्यक्ष गौतमबुद्धनगर, चौधरी सोनू भड़ाना जिला उपाध्यक्ष गौतमबुद्धनगर, चौधरी दीपक भाटी बुलंदखेड़ा, चौधरी बिट्टू भाटी साकीपुर, चौधरी आजाद भाटी फैजालपुर, चौधरी लायक राम गुर्जर जुनेदपुर, चौधरी देवेश गुर्जर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्टर घनश्याम पाल






