जी. डी. गोयनका पब्लिक स्कूल ने किया ज्ञानवर्धक शैक्षणिक भ्रमण आयोजित

ग्रेटर नोएडा:जी. डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, स्वर्ण नगरी, ग्रेटर नोएडा द्वारा आज कक्षा छः से आठ के विद्यार्थियों के लिए वर्ल्ड ऑफ वंडर्स का एक मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना तथा उनमें आत्मविश्वास, सहयोग एवं सामाजिक सहभागिता की भावना विकसित करना था।
प्रातः सभी विद्यार्थी विद्यालय में निर्धारित समय पर विद्यालय की वेशभूषा एवं पहचान पत्र के साथ उपस्थित हुए। विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन में सभी विद्यार्थी सुरक्षित रूप से भ्रमण स्थल के लिए रवाना हुए। वर्ल्ड ऑफ वंडर्स पहुँचकर विद्यार्थियों ने विभिन्न रोमांचक वेव पूल एवं अनेक मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लिया। बच्चों के चेहरे पर उत्साह और खुशी स्पष्ट दिखाई दे रही थी।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने अनुशासन, समय-प्रबंधन तथा समूह में मिल-जुलकर कार्य करने का महत्व भी सीखा। विद्यालय की ओर से भोजन एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई थी। सभी शिक्षक पूरे समय विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे तथा उनकी सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया।
यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत आनंददायक, प्रेरणादायक एवं यादगार अनुभव सिद्ध हुआ। इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। अंत में सभी विद्यार्थी सुखद यादों और नए अनुभवों के साथ विद्यालय वापस लौटे।






