बीडीआरडी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती हर्षोल्लास से मनाई गई

दनकौर:आज बिशम्बर दयाल राममूर्ति देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, दनकौर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती श्रद्धा, सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाई गई। सर्वप्रथम विद्यालय के प्रधानाचार्य जयप्रकाश सिंह द्वारा ध्वजारोहण किया गया। तत्पश्चात मां शारदे, महात्मा गांधी जी व लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण करके कार्यक्रम को आगे बढ़ाया। 
कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं आचार्यों ने दोनों महान विभूतियों के जीवन, आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम का संयोजन आचार्य संजय दीक्षित ने किया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता वर्षा शर्मा ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन से प्रेरणा लेते हुए सत्य, अहिंसा, सादगी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया,

इस अवसर पर राकेश चौहान ने अपने विचार रखते हुए दोनों महापुरुषों के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। वहीं ओंकार सिंह ने देशभक्ति से ओत-प्रोत भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भावपूर्ण एवं राष्ट्रमय बना दिया। आचार्य हरिओम शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को महात्मा गांधी और शास्त्री जी के आदर्शों से प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जयप्रकाश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि गांधी जी का सत्य एवं अहिंसा का मार्ग और शास्त्री जी की सादगी, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे इन महान विभूतियों के आदर्शों को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखें, बल्कि अपने आचरण में उतारें।
कार्यक्रम के उपरांत विद्यालय की एनसीसी की छात्राओं के द्वारा विद्यालय की एनसीसी अधिकारी रूबी चौधरी के नेतृत्व में विद्यालय में स्वच्छता अभियान, स्लोगन मेकिंग व पौधारोपण किया गया ।
कार्यक्रम में विद्यालय के आचार्य राजकुमार शर्मा, राकेश चौहान, भास्कर सैनी, अरविंद सिंह, धर्मवीर सिंह, सौरभ शर्मा, रामवीर सिंह, पवन ठाकुर, गौरव सिंह, अरविंद पवार, यशवीर नागर, दिव्यप्रकाश, ज्योति शर्मा, सुनीता शर्मा, भावना शर्मा, अंशु नागर, गोपाल गोयल, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
अंत में सभी ने राष्ट्रहित, स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।
वंदे मातरम के उपरांत सभी को मिष्ठान वितरण करके कार्यक्रम का समापन किया गया।






