जे पी विद्या मंदिर तौमडी में शास्त्रीय संगीत का भव्य आयोजन
सरोद वादक पंडित पार्थो सारोधी व तबला वादक आशीष पाल ने बांधा अजब समां, सुर संगीत से झूमे बच्चों ने करतल ध्वनि से किया स्वागत

औरंगाबाद (बुलंदशहर )जे पी विद्या मंदिर तौमडी में भारतीय शास्त्रीय संगीत का भव्य आयोजन हुआ जिसमें विश्व प्रसिद्ध सरोद वादक पंडित पार्थो सारोधी व प्रतिभाशाली तबला वादक आशीष पाल ने सुर संगीत का अजब समां बांधा।

स्पिक मैके के अंतर्गत कार्यक्रम का शुभारंभ एक नया अध्याय शुरू करते हुए कक्षा बारह की छात्रा दृष्टि ने मां शारदे के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर पुष्पार्चन करके किया। मंच का कुशल संचालन कक्षा बारह की छात्रा सारिका मलिक ने किया।
आगंतुक संगीतकारों का स्वागत प्रवक्ता चंद्र प्रकाश सिंह तथा सुभाष चन्द्र ने शाल ओढ़ाकर माल्यार्पण कर किया।
अपने संबोधन में प्रधानाचार्या सुनीता सिंह ने दोनों संगीतकारों का संक्षिप्त परिचय देते हुए कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय सांस्कृतिक एवं संगीत धरोहर से जोड़ना तथा उनमें शास्त्रीय कला के प्रति रुचि एवं जागरूकता पैदा करना बताया।
कार्यक्रम के दौरान उस्ताद पार्थो सारोधी व प्रतिभाशाली युवा तबला वादक आशीष पाल ने अपनी अद्भुत कला एवं संगीत साधना से उपस्थित छात्र छात्राओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी शानदार प्रस्तुति से समस्त विद्यालय परिसर सुरों की मधुर लहरियों से गुंजायमान हो उठा।
प्रवक्ता संदीप चौधरी एवं जीतेश कुमार ने दोनों संगीतकारों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। संगीत शिक्षिका रचना अग्रवाल ने आगंतुक अतिथि संगीतकारों को सफल यादगार प्रस्तुति के लिए आभार व्यक्त किया।
तमाम शिक्षक शिक्षिकाओं एवं अनेक अभिभावकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और कार्यक्रम की दिल से सराहना की।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल
।






