विजय सिंह पथिक स्टेडियम में विश्व योग दिवस-2026 का विराट आयोजन
हजारों नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ, संतुलित एवं सशक्त जीवन का लिया संकल्प

योगमय हुआ विजय सिंह पथिक स्टेडियम, हजारों नागरिकों ने अपनाया स्वस्थ जीवन का संकल्प
ग्रेटर नोएडा: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर रविवार को विजय सिंह पथिक स्टेडियम, ग्रेटर नोएडा में आयुष विभाग, गौतमबुद्ध नगर द्वारा आर्ट ऑफ लिविंग के सहयोग से एक भव्य एवं ऐतिहासिक सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जनस्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और आध्यात्मिक उन्नयन के संदेश को समर्पित इस आयोजन में हजारों नागरिकों ने उत्साह, अनुशासन एवं समर्पण भाव के साथ सहभागिता कर योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग श्री नरेंद्र कुमार कश्यप रहे। इस अवसर पर जिलाधिकारी सुश्री मेधा रूपम, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण सुश्री प्रेरणा सिंह, विधान परिषद सदस्य श्री नरेंद्र भाटी, श्रीचंद शर्मा, विधायक श्री तेजपाल नागर तथा जिला अध्यक्ष श्री अभिषेक शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

आर्ट ऑफ लिविंग, गौतमबुद्धनगर की संयोजिका और कैलास ग्रुप ऑफ हास्पिटल की डायरेक्टर श्रीमती सविता शर्मा की पूरी टीम ने योग दिवस के इस कार्यक्रम में अपनी बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। आर्ट ऑफ लिविंग की सदस्य दस वर्षीय बच्ची धनवी चावला आज के इस योग कार्यक्रम की आइकन रही।आर्ट ऑफ लिविंग के ही सुविख्यात योगाचार्य अनुराग जी की प्रेरक उपस्थिति ने प्रतिभागियों को विविध योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की वैज्ञानिक एवं आध्यात्मिक विधियों का अभ्यास कराया तथा योग के बहुआयामी लाभों पर विस्तृत प्रकाश डाला।
अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने कहा कि योग भारत की सनातन ज्ञान-परंपरा, सांस्कृतिक चेतना और जीवन-दर्शन की अनुपम धरोहर है, जिसने आज संपूर्ण विश्व को स्वास्थ्य, संतुलन और आत्मानुशासन का प्रभावी मार्ग प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व एवं सतत प्रयासों के फलस्वरूप योग को वैश्विक मान्यता प्राप्त हुई है तथा यह मानव कल्याण के सार्वभौमिक अभियान के रूप में स्थापित हुआ है।
कार्यक्रम में सविता शर्मा, योगाचार्य अनुराग जी, भगवत प्रसाद शर्मा सहित सनराइज इंटरनेशनल स्कूल, नन्हक फाउंडेशन, वूमेन एम्पावरमेंट ग्रुप, ब्राह्मण सभा उत्तर प्रदेश, टीचर्स एसोसिएशन एवं विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की।
इस विशाल आयोजन की सफलता में ग्रेटर नोएडा मण्डल अध्यक्ष अर्पित तिवारी, सागर जी, रविशा जी, सुरेश शर्मा, अरुणिमा एवं विनीता जी सहित अनेक स्वयंसेवकों और सहयोगियों की उल्लेखनीय भूमिका रही, जिनके समर्पित प्रयासों ने कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं सफल स्वरूप प्रदान किया।
योग सत्र के दौरान संपूर्ण स्टेडियम सकारात्मक ऊर्जा, सामूहिक चेतना और स्वास्थ्य-जागरूकता के अद्भुत वातावरण से आलोकित दिखाई दिया। प्रतिभागियों ने पूर्ण एकाग्रता एवं अनुशासन के साथ योगाभ्यास कर ‘स्वस्थ तन, स्वस्थ मन और स्वस्थ समाज’ के संदेश को आत्मसात किया।
रिपोर्टर भगवत प्रसाद शर्मा






