डाइट दनकौर में ECCE रिसोर्स सेंटर का भव्य उद्घाटन एवं बाल वाटिका पत्रिका का विमोचन संपन्न

दनकौर: गौतमबुद्ध नगर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET), दनकौर में आज शुक्रवार को बुनियादी शिक्षा की सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ा। संस्थान परिसर में नवनिर्मित ECCE (ई.सी.सी.ई.) रिसोर्स सेंटर का भव्य उद्घाटन और त्रैमासिक, ‘बालवाटिका पत्रिका’ का विमोचन समारोह अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती अर्चना गुप्ता (उप शिक्षा निदेशक/प्राचार्य, डाइट दनकौर) द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

रिसोर्स सेंटर बनेगा प्रेरणा का केंद्र:उद्घाटन के पश्चात रिसोर्स सेंटर का अवलोकन करते हुए प्राचार्य श्रीमती अर्चना गुप्ता ने कहा कि यह केंद्र जिले के आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और प्राथमिक शिक्षकों के लिए एक ‘मॉडल’ के रूप में कार्य करेगा। उन्होंने कहा, “बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मकता (FLN) के लक्ष्यों को प्राप्त करने में यह केंद्र मील का पत्थर साबित होगा, जहाँ शिक्षक खेल-खेल में सीखने की आधुनिक विधाओं का प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।”
समारोह के दूसरे मुख्य चरण में ‘बालवाटिका पत्रिका’ का अनावरण किया गया। यह पत्रिका प्राथमिक स्तर के नन्हें छात्रों की रचनात्मकता और सीखने के नए आयामों को समर्पित है। अतिथियों द्वारा पत्रिका की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी पाठ्य सामग्री बच्चों के बौद्धिक विकास और सीखने की प्रक्रिया को सरल और रुचिकर बनाने में सहायक सिद्ध होगी।
कार्यक्रम में मौजूद बालवाटिका के नन्हें बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से सबका मन मोह लिया। अतिथियों ने बच्चों के साथ संवाद किया और उन्हें उपहार स्वरूप शिक्षण सामग्री वितरित की। रिसोर्स सेंटर में प्रदर्शित ‘कबाड़ से जुगाड़’ (TLM) और रचनात्मक शिक्षण विधियों की विशेषज्ञों द्वारा विशेष रूप से सराहना की गई।
इस अवसर पर,, ईसीसीई नोडल प्रवक्ता दीक्षा, डी.सी. निपुण अमित कुमार, नोडल एस.आर.जी. अशोक कुमार, श्री राजेश खन्ना, श्री धनराज डायट प्रवक्तागण, सीडीपीओ, सुपरवाइजर ए.आर.पी., संकुल शिक्षक, ईसीसीई एजुकेटर , आंगनबाड़ी कार्यकत्री व अन्य उपस्थित रहे।






