गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में हस्ताक्षर अभियान के साथ हिंदी सप्ताह का शुभारंभ
हिंदी सप्ताह के अवसर पर भारतीय भाषा एवं साहित्य विभाग तथा विधि न्याय एवं शासन संकाय

ग्रेटर नोएडा: गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय,ग्रेटर नोएडा द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में हिंदी भाषा के प्रति जागरूकता, सम्मान और गौरव की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। 
हस्ताक्षर अभियान में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों एवं अन्य सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अभियान के माध्यम से हिंदी भाषा के महत्व, उसकी समृद्ध साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परंपरा तथा भारतीय समाज को जोड़ने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। हिंदी का प्रचार-प्रसार केवल भाषा के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारतीय ज्ञान-परंपरा, साहित्य, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का माध्यम भी है।
हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से विश्वविद्यालय समुदाय ने हिंदी भाषा के संवर्धन, संरक्षण एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को हिंदी के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने तथा भारतीय भाषाओं के महत्व को समझने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर हिंदी में हस्ताक्षर करते हुए गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो राणा प्रताप सिंह, कुलसचिव प्रो चंदर कुमार सिंह, अधिष्ठाता शैक्षणिक प्रो राजीव वार्ष्णेय ने हिंदी सप्ताह के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की । भारतीय भाषा एवं साहित्य विभाग के विभागाध्यक्ष तथा मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता प्रो माधव गोविंद ने विद्यार्थियों द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की तथा लॉ स्कूल के संकायाध्यक्ष डॉ के के द्विवेदी ने कहा कि हिंदी भारत की सांस्कृतिक एवं भाषाई विविधता की महत्वपूर्ण अभिव्यक्ति है। इस अभियान में विधि न्याय एवं शासन संकाय से सहायक प्राध्यापक डॉ प्रियंका सिंह तथा भारतीय भाषा एवं साहित्य विभाग के प्राध्यापक रेनू यादव, डॉ दिवाकर गरवा, डॉ आसिफ, डॉ ममता कुमारी, डॉ रमेश कुमार सम्मिलित हुए।यह अभियान हिंदी दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में हिंदी के प्रति जागरूकता एवं सहभागिता का प्रभावी माध्यम बना।






