स्पेशल प्रोजेक्ट फॉर इक्विटी के अन्तर्गत जीवन कौशल शिक्षा एवं क्षमता संवर्धन हेतु कार्यशाला का शुभारम्भ

ग्रेटर नोएडा:स्पेशल प्रोजेक्ट फॉर इक्विटी के अन्तर्गत जीवन कौशल शिक्षा एवं क्षमता संवर्धन हेतु ब्लॉक बिसरख की बालिका शिक्षा कार्यशाला का शुभारम्भ जीएल बजाज इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, ग्रेटर नोएडा में किया गया।
कार्यशाला का आयोजन बेसिक शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता एवं बालिका शिक्षा समन्वयक विनय प्रकाश सिंह तथा खण्ड शिक्षा अधिकारी यशपाल सिंह के नेतृत्व में किया गया। आज के मुख्य अतिथि राकेश कुमार, जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) एवं जीएल बजाज के प्रोफेसर अनिल भट्ट जी द्वारा दीप प्रज्वलन किया गया।इस कार्यशाला में POCSO, अरमान मॉड्यूल, प्रगति के पंख, चार नई कॉमिक बुक्स – जिनसे बच्चे जुड़ाव महसूस करते हैं और विभिन्न पहलुओं पर दार्शनिक सोच उत्पन्न कर सकते हैं – एवं जीवन कौशल के गुण सिखाए गए।
कार्यशाला की मास्टर ट्रेनर अर्चना पाण्डेय एवं ज्योतिर्मयी पाण्डेय रहीं। अर्चना पाण्डेय द्वारा माहवारी स्वच्छता प्रबंधन (MHM) के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर खण्ड शिक्षा अधिकारी यशपाल सिंह ने MHM कॉर्नर पर विशेष रूप से कार्य करने का आग्रह किया। जिला समन्वयक राकेश कुमार ने बालिकाओं के नामांकन एवं उपस्थिति पर जोर दिया, जिला समन्वयक (बालिका शिक्षा) विनय प्रकाश सिंह ने कार्यशाला में बालिकाओं के लिए आ रही विशेष योजनाओं को सार्थक बनाने के लिए प्रयास करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाओं से बालिकाओं में आत्मविश्वास, सुरक्षा की समझ और जीवन कौशल का विकास होगा, जो उन्हें आगे बढ़ने में सहायता करेगा।
कार्यशाला में ब्लॉक नोडल अनीता यादव,एसआरजी कंचन बाला, एआरपी योगिता, रितु रतन सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रिपोर्टर भगवत प्रसाद शर्मा






