गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत बैठक आयोजित
गौ माता के सम्मान और गौ हत्या रोकने को चलाया जाएगा व्यापक अभियान

27 अक्तूबर को 40 करोड़ हस्ताक्षरों का प्रार्थना पत्र राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत अन्य जनप्रतिनिधियों को भेजा जाएगा
बुलंदशहर : मंगलवार को कलश होटल में गौ सम्मान आह्नान अभियान के तहत बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में गौ हत्या को रोकने तथा गौ माता के सम्मान और संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को एकजुट होकर कार्य करना होगा। गौ सम्मान आह्वान अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ते हुए व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। लोगों को गौ माता की सेवा, सुरक्षा और संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
बुलंदशहर के दिल्ली रोड स्थित कलश होटल में मंगलवार को गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में गौ माता के सम्मान, संरक्षण एवं संवर्धन के साथ ही गौ हत्या को रोकने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। अभियान से अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर गौ माता के प्रति जनजागरूकता पैदा करने का निर्णय लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए हरिद्वार से आए स्वामी अच्युतानंद जी महाराज ने कहा कि गौ माता हमारे आराध्य की भी मां हैं और भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपरा में गौ माता को विशेष स्थान प्राप्त है। गौ माता केवल आस्था का विषय नहीं हैं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और ग्रामीण जीवन का भी महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के साथ ही देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।
वैदिक ज्योतिष संस्थान के प्रमुख एवं महामंडलेश्वर स्वामी श्री पूर्णानंदपुरी जी महाराज ने कहा कि सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति में गौ माता को अत्यंत पवित्र और पूजनीय माना गया है। हमारी संस्कृति और कृषि प्रधान अर्थव्यवस्था में गौवंश का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी की रक्षा के लिए गौवंश का संरक्षण जरूरी है। सभी सनातन प्रेमियों और गौ भक्तों को गौ माता के सम्मान एवं संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए।
वृंदावन से आए कथा व्यास गोपेश कृष्ण जी महाराज ने कहा कि ब्रज क्षेत्र आदिकाल से गौ सेवा और गौ संरक्षण का प्रमुख केंद्र रहा है। भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से भी गौ सेवा और गौ प्रेम की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि हम सभी को एकजुट होकर गौ माता के संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए और गौ सम्मान आह्वान अभियान को जन-जन तक पहुंचाना चाहिए। बैठक में निर्णय लिया गया कि सम्पूर्ण भारत से आगामी 17 दिसम्बर 2026 को गौ माता के सम्मान और संरक्षण की मांग को लेकर 40 करोड़ हस्ताक्षरों सहित प्रार्थना पत्र महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को राज्य के चीफ सेक्रेटरी के द्वारा संबंधित को दिया जाएगा। अभियान के माध्यम से देशभर में अधिक से अधिक लोगों का समर्थन जुटाने का प्रयास किया जारी है ।
वक्ताओं ने कहा कि गौ माता के सम्मान और संरक्षण के लिए समाज के सभी लोगों को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। यदि हम सभी एकजुट होकर प्रयास करेंगे तो निश्चित रूप से गौ माता के संरक्षण और सम्मान के लिए एक मजबूत जनआंदोलन खड़ा किया जा सकेगा। इस बैठक में अभियान को सफल बनाने, अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने तथा जन-जन तक गौ माता के सम्मान और संरक्षण का संदेश पहुंचाने को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस मौके पर अतुल कृष्ण दास, रामकुमार राघव, मनीष मांगलिक, पंकज अग्रवाल, हेमंत सिंह, संजय गोयल, राजेंद्र अग्रवाल, रविकांत, दिनेश अग्रवाल, चिन्मय, अनुराग गर्ग, गोविंद शर्मा, सुमित गौड़, राजेश, ओमप्रकाश जालान आदि मौजूद रहे।
रिपोर्टर उपेंद्र शर्मा






