दनकौर

गणेश चतुर्थी पर निकली गणेश प्रतिमा की शोभायात्रा

ग्यारह दिनों के लिए श्रीबालाजी मंदिर परिसर में विराजमान हुए गणपति, जगह-जगह हुआ स्वागत

बिलासपुर: गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर बिलासपुर में चित्रकूट सेवा समिति के तत्वावधान में भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। गणपति बप्पा के जयकारों से नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया। शोभायात्रा के बाद विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा को ग्यारह दिनों के लिए श्रीबालाजी संकटमोचन हनुमान मंदिर परिसर में विराजमान किया गया।

शोभायात्रा का नेतृत्व अनुपम तायल, सीताराम तायल एवं चित्रकूट सेवा समिति बिलासपुर के कार्यकर्ताओं ने किया। शोभायात्रा श्रीबालाजी संकटमोचन हनुमान मंदिर परिसर से शुरू होकर सिकंदराबाद-दनकौर मुख्य सड़क मार्ग, पुलिस चौकी, मुख्य बाजार, चौक बाजार, जैन धर्मशाला चौराहा, भूतेश्वर महादेव मंदिर, एसडी कन्या इंटर कॉलेज सहित नगर पंचायत क्षेत्र की विभिन्न गलियों से होते हुए पुनः श्रीबालाजी संकटमोचन हनुमान मंदिर परिसर पहुंची।

शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान गणेश की प्रतिमा के दर्शन करने के लिए जगह-जगह उमड़ पड़े। महिलाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा के जयकारे लगाए और पूजा-अर्चना कर परिवार में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत भी किया।

मंदिर परिसर पहुंचने के बाद भगवान गणेश की प्रतिमा की विधि-विधान से स्थापना की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर भगवान गणेश से परिवार और क्षेत्र में सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की प्रार्थना की। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि भगवान गणेश की प्रतिमा 11 दिनों तक मंदिर परिसर में विराजमान रहेगी, जहां प्रतिदिन पूजा-अर्चना एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में तुषार गोस्वामी, हर्ष योगी, पुष्कर योगी, हिमांशु शर्मा, अभिषेक सोलंकी, तुषार सोलंकी सहित समिति के कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों और क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर भगवान गणेश के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!