श्रीमद्भागवत कथा में होगा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का वर्णन
आचार्य गोपाल कृष्ण शास्त्री सुनाएंगे भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का प्रसंग

बिलासपुर: बिलासपुर स्थित श्रीबालाजी संकटमोचन हनुमान मंदिर परिसर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव और उनकी बाल लीलाओं का प्रसंग सुनाया जाएगा। कथा वाचक आचार्य गोपाल कृष्ण शास्त्री श्रीकृष्ण जन्म की कथा का विस्तार से वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को भगवान की लीलाओं और उनके जीवन से मिलने वाली शिक्षाओं से अवगत कराएंगे।
कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से जुड़े प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा। भगवान के जन्म का उद्देश्य, कंस के अत्याचारों से मुक्ति और धर्म की स्थापना के लिए उनके अवतार की कथा श्रद्धालुओं को सुनाई जाएगी। इसके साथ ही भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, गोकुल में बिताए बचपन और उनकी विभिन्न लीलाओं का भी वर्णन किया जाएगा।
कथावाचक आचार्य गोपाल कृष्ण शास्त्री ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह मनुष्य को जीवन जीने की सही दिशा भी प्रदान करती है। भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके उपदेशों से हमें सत्य, धर्म, कर्म, प्रेम, करुणा और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से कथा का श्रवण कर भगवान की भक्ति और सद्मार्ग को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के प्रसंग को लेकर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह बना हुआ है। कथा के दौरान भजन-कीर्तन और धार्मिक वातावरण के बीच श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन नजर आए। आयोजकों की ओर से श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने का आह्वान किया गया।
कथा में वीरेंद्र कुमार शुक्ला, सीताराम तायल, सोनपाल शर्मा, मनोज दुबे, वंदना पाल, चिराग पाल, दीपक पाल, शिवमूरत पाल, उमाशंकर पाल, अनुपम तायल, धीरज प्रधान, चांदनी शुक्ला, ललिता शुक्ला, रवि शुक्ला, सुमित शुक्ला, सोहनपाल शर्मा सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।
रिपोर्टर घनश्याम पाल






