एनएसएस स्थापना दिवस पर गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में सेवा, स्वच्छता, जागरूकता और रक्तदान से जुड़े कार्यक्रम आयोजित
78 से अधिक लोगों ने किया रक्तदान, स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अभियान, खाद्य वितरण, नुक्कड़ नाटक एवं ई-पेंटिंग के माध्यम से दिया सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश

ग्रेटर नोएडा: राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस 2026 के अवसर पर गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में सेवा, सामाजिक जागरूकता, स्वच्छता एवं मानवीय संवेदनशीलता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्कूल ऑफ आईसीटी में युवा क्लब तथा एनएसएस इकाई–1 एवं इकाई–4 के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जबकि एनएसएस इकाई–5 द्वारा खाद्य वितरण अभियान, स्वच्छता अभियान, नुक्कड़ नाटक एवं ई-पेंटिंग प्रतियोगिता सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।

स्कूल ऑफ आईसीटी में आयोजित रक्तदान शिविर में विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर के लिए 125 से अधिक पंजीकरण प्राप्त हुए, जिनमें स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक प्रक्रियाओं के बाद 78 से अधिक रक्तदाताओं ने सफलतापूर्वक रक्तदान किया। शिविर का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता में योगदान देना रहा। रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र, डोनर कार्ड, स्मृति चिह्न एवं जलपान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर स्कूल ऑफ आईसीटी के डीन डॉ. अर्पित भारद्वाज एवं विभागाध्यक्ष डॉ. अरुण सोलंकी ने रक्तदाताओं तथा आयोजन टीम का उत्साहवर्धन किया। स्कूल ऑफ आईसीटी के सभी विभागाध्यक्षों ने भी शिविर के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के संचालन में एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. नागेंद्र सिंह, एनएसएस इकाई–1 के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गौरव कुमार तथा एनएसएस इकाई–4 के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राकेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। युवा क्लब के छात्र समन्वयकों एवं स्वयंसेवकों ने पंजीकरण, व्यवस्था एवं रक्तदाताओं के मार्गदर्शन में सक्रिय सहयोग दिया।
वहीं, एनएसएस इकाई–5 द्वारा आयोजित कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों में सामाजिक उत्तरदायित्व, सेवा भावना तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। इसके अंतर्गत विश्वविद्यालय के विभागीय क्षेत्र एवं स्कूल ऑफ मैनेजमेंट परिसर में विशेष क्लीन अप ड्राइव चलाया गया। स्वयंसेवकों ने सामूहिक श्रमदान करते हुए परिसर की साफ-सफाई की और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के महत्व का संदेश दिया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने परिसर को स्वच्छ बनाए रखने तथा स्वच्छता को सामुदायिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने का संकल्प लिया।
एनएसएस इकाई–5 की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. श्रुति कंवर ने सभी स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों को एनएसएस स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि एनएसएस केवल एक संगठन नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने स्वयंसेवकों से “नोट में , बट यू” की भावना को आत्मसात करते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में एनएसएस इकाई–5 की मेंटर डॉ. पूजा जैन तथा शिक्षा एवं प्रशिक्षण विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. शालिनी भारद्वाज की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए सामाजिक सेवा, स्वच्छता एवं सामुदायिक कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।
एनएनएस इकाई–5 द्वारा आयोजित खाद्य वितरण अभियान के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक भोजन पहुँचाने का प्रयास किया गया। वहीं, नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों को प्रभावी एवं रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया। ई-पेंटिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सेवा भावना, स्वच्छता, सामाजिक सरोकार एवं जागरूकता से जुड़े संदेशों को अपनी कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से प्रस्तुत किया।
राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इन सभी गतिविधियों के माध्यम से गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों ने सेवा, स्वच्छता, संवेदनशीलता, सामाजिक जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया। कार्यक्रमों ने विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता, सहयोग की भावना तथा समाज के प्रति सकारात्मक योगदान की भावना को और मजबूत किया। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, विद्यार्थियों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।






