बागपत

निगार फार्म हाउस रटौल में रटौल मैंगो फेस्टिवल-2026 का हुआ भव्य आयोजन  

बागपत(उत्तर प्रदेश) बागपत जिला प्रशासन के तत्वावधान में रटौल स्थित निगार फार्म हाउस में रटौल मैंगो फेस्टिवल-2026 का भव्य आयोजन हुआ। महोत्सव का शुभारंभ बागपत जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने किया। इस अवसर पर थाईलैंड की राजदूत चवनार्ट थांगसुम्फान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने रटौल के प्रसिद्ध आमों का स्वाद चखा और आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे भारत की संस्कृति और आतिथ्य का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। निगार फार्म हाउस की ओर से फैज महमूद, बदर महमूद और हबीब खान ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। वहीं रटौल नगर पंचायत के चेयरमैन भाजपा नेता हाजी मुंतजीर ने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उपस्थित लोगों ने भव्य आयोजन के लिए फैज महमूद, बदर महमूद, हबीब खान, चेयरमैन मुनतजीर तथा नगर पंचायत रटौल की अधिशासी अधिकारी आस्था पाठक की मुक्तकंठ से सराहना की। मैंगो फेस्टिवल में 45 से अधिक किस्मों के आम प्रदर्शित किए गए, जिन्हें देखने और उनका स्वाद चखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। आम के बाग में चारपाइयों और कुर्सियों पर बैठकर लोगों ने ताजे और स्वादिष्ट आमों का आनंद लिया। आगंतुकों के लिए मैंगो शेक, जामुन शेक, मैंगो आइस्क्रीम, जामुन आईस्क्रीम, कुल्हड़ चाय तथा स्वादिष्ट भोजन की विशेष व्यवस्था की गई थी। इसके साथ ही टटीरी वाले भगत जी की मशहूर बालूशाही, निरपुड़ा के छुआरे के लड्डू और काठा की प्रसिद्ध बर्फी का स्वाद भी लोगों ने बड़े चाव से लिया। महोत्सव में आयोजित कव्वाली कार्यक्रम ने समां बांध दिया, जबकि बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। पूरे आयोजन में पारंपरिक संस्कृति और आधुनिक व्यवस्थाओं का सुंदर समन्वय देखने को मिला। नगर पंचायत रटौल की अधिशासी अधिकारी आस्था पाठक के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम व उत्कृष्ट व्यवस्थाओं और अनुशासित प्रबंधन की सभी अतिथियों ने प्रशंसा की। इस अवसर पर बागपत विधायक योगेश धामा, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी विनीत कुमार उपाध्याय, शिवनारायण, डिप्टी कलेक्टर निकेत वर्मा, एसडीएम बड़ौत भावना सिंह, जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी, पूर्व राज्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार डा कुलदीप उज्जवल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मुब्बसीर, महामहिम राष्ट्रपति एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार विपुल जैन, सर्वोदय ग्रुप के हरेन्द्र पंवार बली व डॉ दिनेश, सभासद रामनिवास, हसमत, वकील एवं महबूब सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

रिपोर्टर विवेक जैन

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!