श्री गणेश चतुर्थी पर भक्तिमय हुआ श्री द्रोणाचार्य महाविद्यालय परिसर-विधिवत पूजा-अर्चना के साथ सुख-समृद्धि एवं ज्ञान की कामना

दनकौर:श्री द्रोणाचार्य पी.जी. कॉलेज, दनकौर में श्री गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर प्रार्थना सभा के दौरान श्रद्धा एवं भक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समस्त महाविद्यालय परिवार ने प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश का विधिवत पूजन-अर्चन कर ज्ञान, विवेक, सुख, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स एवं उप-प्राचार्या डॉ. रश्मि गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक-प्राध्यापिकाओं, स्टाफ सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का आयोजन गृह विज्ञान विभाग की डॉ. निशा शर्मा द्वारा किया गया। उन्होंने भगवान श्री गणेश के प्रथम पूज्य होने से संबंधित पौराणिक कथा का रोचक एवं भावपूर्ण वर्णन करते हुए उनके स्वरूप एवं व्यक्तित्व में निहित जीवन-मूल्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को भगवान गणेश के जीवन से ज्ञान, धैर्य, विवेक, आज्ञापालन, विनम्रता एवं कर्तव्यनिष्ठा जैसी प्रेरणाएँ ग्रहण करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर समाजशास्त्र विभाग के डॉ. राजीव पिंटू ने विद्यार्थियों के साथ भगवान श्री गणेश के जयकारे लगवाए। “गणपति बप्पा मोरया” के भक्तिमय जयघोष से सम्पूर्ण महाविद्यालय परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा एवं उत्साह से भर उठा।
कार्यक्रम के अंत में भगवान श्री गणेश को लड्डुओं का भोग अर्पित किया गया तथा उपस्थित शिक्षकगण, स्टाफ सदस्यों एवं विद्यार्थियों को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम ने सभी के मन में भक्ति, सकारात्मकता, एकता एवं सद्भाव की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।
महाविद्यालय परिवार ने इस पावन अवसर पर भगवान श्री गणेश से सभी के जीवन से विघ्न-बाधाएँ दूर करने तथा महाविद्यालय की निरंतर प्रगति, विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और समाज में ज्ञान एवं सद्भाव के प्रकाश के विस्तार की प्रार्थना की।






