टटीरी की आदर्श रामलीला में हुआ शूर्पणखा प्रसंग और खर-दूषण वध का मंचन

बागपत( उत्तर प्रदेश) अग्रवाल मंडी टटीरी नगर में आदर्श रामलीला कमेटी की ओर से रामलीला महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। डीएवी इंटर कॉलेज के खेल मैदान में आयोजित रामलीला इस वर्ष अपनी 51वीं वर्षगांठ मना रही है। वर्ष 1975 में स्वर्गीय प्रेम शंकर शर्मा द्वारा स्थापित इस रामलीला की परंपरा आज भी धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का संदेश दे रही है। बुधवार को रामलीला मंचन के दौरान शूर्पणखा-राम-लक्ष्मण संवाद, खर-दूषण वध तथा हास्य नाटक का मंचन किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। रामलीला के दौरान कलाकारों ने अपने अभिनय और संवादों के माध्यम से दर्शकों को रामायण के प्रसंगों से रूबरू कराया। शूर्पणखा प्रसंग और खर-दूषण वध के मंचन ने दर्शकों को आकर्षित किया, वहीं हास्य नाटक ने वातावरण को मनोरंजक बना दिया। टटीरी नगर के साथ-साथ आसपास के गांवों से भी हजारों की संख्या में लोग रामलीला देखने पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान महामहिम राष्ट्रपति एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार विपुल जैन बागपत सहित अनेकों सम्मानित हस्तियों को पटका एवं माला पहनाकर तथा प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
रामलीला कमेटी के अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने आयोजन को लेकर कहा कि आदर्श रामलीला केवल धार्मिक मंचन नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और संस्कारों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि कमेटी का प्रयास है कि रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, सत्य और धर्म के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाए। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, कलाकारों, सहयोगियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया। वहीं रामलीला कमेटी के संयोजक चौधरी हिम्मत सिंह ने कहा कि 1975 से लगातार आयोजित हो रही आदर्श रामलीला क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान बन चुकी है। 51वें वर्ष में प्रवेश करना कमेटी और क्षेत्रवासियों के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में भाईचारे, धार्मिक सद्भाव और आपसी एकता को मजबूत करते हैं। कमेटी भविष्य में भी इस सांस्कृतिक परंपरा को पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ आगे बढ़ाती रहेगी। रामलीला में रामलीला कमेटी के अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने मंच संचालन की जिम्मेदारी प्रभावशाली ढंग से निभाई। उनके सधे हुए अंदाज, स्पष्ट संवाद शैली और कार्यक्रम को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने की क्षमता ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। मंच संचालन के दौरान उन्होंने विभिन्न प्रसंगों और अतिथियों का परिचय सहजता से प्रस्तुत किया, जिससे कार्यक्रम की निरंतरता बनी रही और दर्शक पूरे समय आयोजन से जुड़े रहे। उपस्थित लोगों ने उनके मंच संचालन की सराहना की। इस अवसर पर कमेटी के उपाध्यक्ष संदीप पांचाल एवं युनुस सभासद, कोषाध्यक्ष शहजाद कस्सार, सचिव मनोज सैन, संयोजक चौधरी हिम्मत सिंह, सुभाष पांचाल एवं इंदरपाल जांगिड़ तथा ऑडिटर मनोज पांचाल, अर्चित जिंदल सहित कमेटी के अन्य सदस्य व हजारों की संख्या में दर्शक मौजूद रहे।
रिपोर्टर विवेक जैन






