गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं मीडिया अध्ययन विभाग में देवर्षि नारद जयंती एवं विश्व पत्रकारिता दिवस पर विशेष व्याख्यान का आयोजित

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय स्थित जनसंचार एवं मीडिया अध्ययन विभाग द्वारा देवर्षि नारद जयंती एवं विश्व पत्रकारिता दिवस के अवसर पर 30 अप्रैल 2026 को, मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के सभागार में एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय था “आद्य संचारक देवर्षि नारद और वर्तमान सूचना युग की नैतिक चुनौतियाँ”। यह आयोजन स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंस के कॉन्फ्रेंस हॉल में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार डॉ हर्षवर्धन त्रिपाठी रहे। उन्होंने अपने व्याख्यान में कहा कि देवर्षि नारद भारतीय परंपरा के प्रथम संचारक माने जाते हैं, जिन्होंने संवाद, सूचना आदान-प्रदान और समाज को जोड़ने का कार्य किया। वर्तमान डिजिटल युग में जब सूचना तीव्र गति से प्रसारित हो रही है, तब पत्रकारिता में सत्यता, निष्पक्षता और नैतिकता का महत्व और अधिक बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में फेक न्यूज, भ्रामक सूचनाएं और नैतिक संकट बड़ी चुनौतियाँ हैं, जिनसे निपटने के लिए जिम्मेदार पत्रकारिता आवश्यक है।
विभागाध्यक्ष प्रो बंदना पांडे ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि देवर्षि नारद केवल पौराणिक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि संचार कौशल, त्वरित सूचना प्रसारण और सामाजिक चेतना के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाना भी है। विद्यार्थियों को पत्रकारिता के मूल्यों और नैतिक मानकों को अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम में विभाग के संकाय सदस्य डॉ विनीत कुमार, डॉ रिया मौर्य तथा मिस शोभा की उपस्थिति रहे । कार्यक्रम के अंत में मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता प्रो माधव गोविंद के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया गया, जिनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से कार्यक्रम का सफल आयोजन संभव हो सका।
समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं शिक्षकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को भारतीय संचार परंपरा और आधुनिक पत्रकारिता की नैतिक चुनौतियों पर गंभीर चिंतन का अवसर प्रदान किया।






