स्कूल के बाहर से रहस्यमय परिस्थितियों में छात्र लापता
अमर सिंह इंटर कालेज लखावटी का था छात्र लकी,मामला दर्ज तीन दिन में भी नहीं लगा कोई सुराग

औरंगाबाद (बुलंदशहर )अमर सिंह इंटर कालेज लखावटी के बाहर से चौदह वर्षीय एक छात्र रहस्यमय परिस्थितियों में गुम हो गया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर खोजबीन शुरू की लेकिन तीन दिन बीतने के बावजूद लापता छात्र का कोई सुराग नहीं लगा है। परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है।
ग्राम पिपाला निवासी महावीर सिंह का चौदह वर्षीय पुत्र लकी कुमार अमर सिंह इंटर कालेज लखावटी में कक्षा नौ का छात्र था। लकी मंगलवार की सुबह अपने घर से दूध की गाड़ी में बैठ कर लखावटी में अपने स्कूल के बाहर उतरा था लेकिन वह ना तो स्कूल में पढ़ने पहुंचा और ना ही घर वापस लौटा। परिजनों ने तलाश किया लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। महावीर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की। तीन दिन बीतने के बावजूद लापता छात्र का कोई सुराग नहीं लगा है। परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल






