“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम का सफल आयोजन

दनकौर:आज श्री द्रोणाचार्य पी.जी. कॉलेज, दनकौर, जनपद गौतम बुद्ध नगर में उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा संचालित हरीतिमा वृक्षारोपण कार्यक्रम–2026 के अंतर्गत “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रशांत कनौजिया के निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. ललित कुमार (के.डी. कॉलेज, सिम्भावली चीनी मिल, हापुड़) द्वारा पौधारोपण कर किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय प्रशासन ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए वृक्षारोपण को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, एनएसएस स्वयंसेवक एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रशांत कनौजिया ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज में हरित वातावरण को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।






