शट डाउन लेकर ग्यारह हजार की लाइन पर चढ़े संविदा कर्मी की करंट लगने से दुखद मौत
पोस्टमार्टम के पश्चात परिजनों ने बिजली घर पर शव रखकर किया जोरदार हंगामा

अधिकारियों ने समुचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर पीछा छुड़ाया
औरंगाबाद( बुलंदशहर )अगौता क्षेत्र के अकबरपुर रैना बिजली घर पर तैनात एक संविदा कर्मी शट-डाउन लेकर ग्यारह हजार की लाइन पर जम्फर जोड़ने चढ़ा। लाइन पर आ रहे करंट की चपेट में आकर वह जमीन पर आ गिरा। बुरी तरह घायल विद्युत कर्मी को अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव को मृतक के परिजनों को सौंप दिया। मृतक के शव को लेकर परिजनों ने ग्रामीणों के साथ रात्रि में ही अकबरपुर रैना बिजली घर पर पहुंचकर जोरदार हंगामा किया। जे ई और एस डी ओ ने समुचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर पीछा छुड़ाया। बाद में मृतक का उसके गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
औरंगाबाद थाना अंतर्गत ग्राम पैमपुर सूरजपुर टीकरी निवासी किरनपाल सिंह उम्र लगभग 52 वर्ष अगौता के अकबरपुर रैना बिजली घर पर बतौर संविदा कर्मी तैनात थे। मंगलवार की सायं लगभग साढ़े सात बजे वो एस एस ओ दुष्यंत तौमर से शट डाउन लेकर गांव बागवाला के कृषक मेहरबान की शिकायत पर ग्यारह हजार की लाइन पर जम्फर जोड़ने गये थे। लेकिन खंबे पर चढ़ते ही उन्हें करंट लगा और वो जमीन पर आ गिरे। सूचना मिलने पर साथी कर्मचारियों और परिजनों ने उन्हें बुलंदशहर जिला अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर अगौता थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने मोर्चरी भेजा और पोस्टमार्टम कराने के पश्चात शव को परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने ग्रामीणों को साथ लेकर रात्रि ढाई बजे अकबरपुर रैना बिजली घर पर मृतक के शव को रखकर जोर दार हंगामा शुरू किया। सूचना पाकर जे ई मनोज कुमार और एस डी ओ सुरेश चंद्र बिजलीघर पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया और मृतक के परिजनों को समुचित मुआवजा दिलाने का भरोसा दिलाया। बाद में सुबह छः बजे परिजनों ने गांव पैमपुर ले जाकर मृतक का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया। सैंकड़ों लोग मौजूद रहे।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल






