हरियाणा

स्वर्गीय प्रो. राजपाल सिंह तोमर की स्मृति में किशनपुर बराल में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित

ग्रामीणों को स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, नि:शुल्क औषधियां एवं चश्मे वितरित

बड़ौत: स्वर्गीय प्रोफेसर राजपाल सिंह तोमर की पुण्य स्मृति में ग्राम किशनपुर बराल में चौधरी केहर सिंह एजुकेशनल ट्रस्ट एवं बड़ौत मेडिसिटी हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण अंचल के लोगों को सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उन्हें नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।

शिविर के मुख्य अतिथि बागपत के माननीय सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान जी ने शिविर का अवलोकन किया तथा ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सकीय सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने आयोजकों के सेवा-समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि स्वस्थ समाज ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के नि:शुल्क चिकित्सा शिविर स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को व्यापक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

शिविर में ग्रामीणों के ऑक्सीजन स्तर, रक्तचाप एवं रक्त शर्करा की जांच की गई। इसके साथ ही जनरल फिजिशियन द्वारा चिकित्सकीय परामर्श, महिला स्वास्थ्य संबंधी परामर्श तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। नेत्र परीक्षण की भी समुचित व्यवस्था की गई। जांच के उपरांत जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क औषधियां प्रदान की गईं, जबकि नेत्र परीक्षण कराने वाले पात्र लाभार्थियों को नि:शुल्क चश्मे वितरित किए गए।

इस अवसर पर चिकित्सकों ने ग्रामीणों को विभिन्न रोगों की रोकथाम, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्वच्छता, नियमित व्यायाम तथा स्वस्थ जीवनचर्या के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने लोगों को समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने और प्रारंभिक लक्षणों को नजरअंदाज न करने की सलाह दी।

सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान जी ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करना सामूहिक उत्तरदायित्व है। ऐसे शिविर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए विशेष रूप से उपयोगी सिद्ध होते हैं।

इस अवसर पर चौधरी केहर सिंह एजुकेशनल ट्रस्ट के सचिव डॉ. मनीष तोमर जी एवं बड़ौत मेडिसिटी हॉस्पिटल की निदेशक डॉ. गीतांजलि तोमर जी के मार्गदर्शन में चिकित्सकीय दल ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में डॉ. तरुण तोमर जी, डॉ. शश्या तोमर जी, डॉ. कपिल तोमर जी, डॉ. आर. के. चौधरी जी, डॉ. अखिलेश कुमार जी तथा ऑप्टोमेट्रिस्ट अंकुर गुप्ता जी सहित चिकित्सा कर्मी उपस्थित रहे।

आयोजकों ने बताया कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सेवाओं को जनसुलभ बनाने, स्वास्थ्य-जागरूकता को प्रोत्साहित करने तथा जरूरतमंदों को समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। स्वर्गीय प्रो. राजपाल सिंह तोमर की स्मृति में आयोजित यह शिविर सेवा, संवेदना और सामाजिक सरोकार का प्रेरक उदाहरण बना।

रिपोर्टर भागवत प्रसाद शर्मा

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!