दबंग भूमाफियाओं ने दिखाया शासन प्रशासन को ठेंगा
राजस्व व नगर पंचायत टीमों द्वारा चिह्नित सरकारी जमीन पर लगाये गये पिलर उखाड़ कर ले गये, अधिशासी अधिकारी ने पुलिस से लगाई मदद की गुहार

औरंगाबाद (बुलंदशहर )नगर पंचायत औरंगाबाद में गाटा संख्या 1758 में जिस सरकारी जमीन को एक पखवाड़े पूर्व राजस्व विभाग और नगर पंचायत की संयुक्त टीम द्वारा पैमाइश कर चिन्हित कर पिलर लगवाये गये थे उन्हें दबंग भूमाफिया शासन प्रशासन को ठेंगा दिखाते हुए जबरन उखाड़ कर ले गये और सरकारी जमीन की मैड तोड़ कर अपने खेत में मिला लिया। बेबस अधिशासी अधिकारी ने थाना प्रभारी को मामले की लिखित तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने और मौके पर पुलिस भेजकर सरकारी जमीन पर पुनः कब्जा दिलाने की गुहार लगाई है। अभी तक ना मामला दर्ज हुआ है और ना ही सरकारी जमीन पर पुनः कब्जा मिल सका है। 
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ने थाना प्रभारी को भेजे पत्र संख्या 762 दिनांक 14 मार्च 26 द्वारा अवगत कराया है कि नगर पंचायत की गाटा संख्या 1758 रास्ते व किसानों की भूमि है। इस भूमि पर अवैध अतिक्रमणों को हटवाये जाने के लिए रिट याचिका संख्या 1578 वर्ष 2025 लंबित है जिसमें 18 मार्च 26 की डेट लगी हुई है। इस रिट के अनुपालन में 3 फरवरी 26 को नगर पंचायत, तहसील प्रशासन व पुलिस की संयुक्त टीम ने पैमाइश पूरी कर रिपोर्ट माननीय उच्च न्यायालय में उप जिलाधिकारी सदर द्वारा प्रेषित की जा चुकी है। पैमाइश के दौरान सरकारी काम में बाधा डालने के कारण अनिल व अंकुर पुत्र गण नानक चंद के खिलाफ शांतिभंग की धाराओं में चालान किया गया था। इसके बाबजूद वीर सिंह पुत्र राजपाल व अंकुर पुत्र नानक चंद दो तीन अज्ञात लोगों के साथ मिलकर, पैमाइश के उपरांत लगाये गये पिलर उखाड़ कर अपने साथ चुरा ले गए और सरकारी जमीन की मेड़ तोड़ कर अपने खेत में मिला लिया है।
अधिशासी अधिकारी ने मामले की रिपोर्ट दर्ज करने और मेड़ बनाए जाते समय पुलिस बल मौके पर तैनात किए जाने की मांग की।
अभी तक मामला दर्ज नहीं हुआ है और ना ही सरकारी जमीन की मेड़ पुनः बन सकी है।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल






