लीजेंड सुपर स्टार ने दोस्ताना कप सीरीज पर जमाया कब्जा

बिलासपुर: रविवार की देर शाम क्षेत्र के तालडा स्थित ध्रुव क्रिकेट ग्राउंड पर खेली गई दोस्ताना कप सीरीज के पांचवें और फाइनल मुकाबले में लीजेंड सुपर स्टार टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लीजेंड डोमिनेटर्स को 18 रनों से हराकर सीरीज अपने नाम कर ली। विजेता टीम को 11 हजार रुपए व ट्रॉफी प्रदान की गई।
आयोजन समिति के सदस्य मास्टर दिनेश नागर ने बताया कि मुकाबला काफी रोमांचक रहा और दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरा दमखम दिखाया।
मैच में लीजेंड सुपर स्टार के कप्तान मनोज मास्टर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम की शुरुआत मजबूत रही और बल्लेबाजों ने आक्रामक खेल दिखाया। इलियास ने शानदार 77 रनों की पारी खेली, जबकि कमल नागर ने 43 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 198 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया। लीजेंड डोमिनेटर्स की ओर से संजय भाटी और सनी भाटी ने एक-एक विकेट हासिल किया।
199 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लीजेंड डोमिनेटर्स की टीम ने भी अच्छी शुरुआत की, लेकिन अंत में लक्ष्य से पीछे रह गई। टीम निर्धारित ओवरों में 180 रन ही बना सकी। रणपाल नागर ने 43 रन और आशीष डागर ने 50 रनों की उपयोगी पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
गेंदबाजी में लीजेंड सुपर स्टार के कमल नागर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 6 रन देकर 4 विकेट झटके और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस जीत के साथ ही लीजेंड सुपर स्टार ने सीरीज पर कब्जा जमाकर अपनी श्रेष्ठता साबित की।
रिपोर्ट- घनश्याम पाल






