श्री द्रोणाचार्य पी.जी. कॉलेज, दनकौर में गुरु नानक देव जी की जयंती एवं गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस पर विचार गोष्ठी एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन

दनकौर:श्री द्रोणाचार्य पी.जी. कॉलेज, दनकौर के प्रांगण में सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी की जयंती (गुरु पर्व) एवं सिखों के नौवें गुरु, ‘हिंद की चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस (24 नवम्बर) के उपलक्ष्य में विचार गोष्ठी एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य एवं उपस्थित प्राध्यापकों द्वारा गुरु नानक देव जी एवं गुरु तेग बहादुर जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता डॉ. राजीव ने दोनों महान गुरुओं के जीवन दर्शन, शिक्षाओं, मानवीय मूल्यों, सामाजिक समरसता एवं धार्मिक स्वतंत्रता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने ‘एक ओंकार’, समानता, प्रेम, सेवा और मानवता का संदेश देकर समाज को नई दिशा प्रदान की। वहीं गुरु तेग बहादुर जी ने धार्मिक स्वतंत्रता, मानवीय अधिकारों और अपने सिद्धांतों की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देकर अद्वितीय साहस एवं त्याग का उदाहरण प्रस्तुत किया। उनका जीवन संपूर्ण मानवता के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं हमें सत्य, सद्भाव, सेवा एवं समानता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं, जबकि गुरु तेग बहादुर जी का बलिदान हमें अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध निर्भीक होकर खड़े रहने का संदेश देता है। युवा पीढ़ी को इन महान गुरुओं के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की उपप्राचार्या डॉ. रश्मि गुप्ता एवं समस्त संकायों के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने महान गुरुओं के आदर्शों को अपनाने तथा समाज में प्रेम, भाईचारा, एकता और मानवता की भावना को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।






