ग्रेटर नोएडा

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया संविधान दिवस, संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता का दिया संदेश

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू ) के स्कूल ऑफ लॉ, जस्टिस एंड गवर्नेंस में संविधान दिवस के अवसर पर लीगल ऐड क्लिनिक एंड प्रो बोनो क्लब के तत्वावधान में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम स्कूल ऑफ लॉ, जस्टिस एंड गवर्नेंस के डीन डॉ. के.के. द्विवेदी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के आदर्शों, संवैधानिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी भूमिका को समझाना था।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री भरत बी. पांडेय, उप मुख्य विधिक सलाहकार, ओएनजीसी तथा श्री विनय कुमार संधुहा, प्रबंध निदेशक, आईपीए , आईसीएआई उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की महत्ता को बढ़ाया।

इस अवसर पर स्कूल ऑफ लॉ, जस्टिस एंड गवर्नेंस के विभागाध्यक्ष डॉ. सतीश चंद्र ने संविधान दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने भारतीय संविधान की भूमिका और लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में संवैधानिक मूल्यों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। वहीं, लीगल ऐड क्लिनिक एंड प्रो बोनो क्लब के फैकल्टी कोऑर्डिनेटर डॉ. विक्रम करुणा ने संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से संवैधानिक आदर्शों को अपने व्यवहार और जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘कंटीट्यूशनल माइंड्स क्विज कम्पटीशन’ रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने भारतीय संविधान से संबंधित विभिन्न प्रश्नों के माध्यम से अपनी संवैधानिक समझ और ज्ञान का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान रवि प्रताप सिंह, द्वितीय स्थान वंशिका राणा तथा तृतीय स्थान दीपिका गौतम ने प्राप्त किया।

इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम के दौरान श्री कुलदीप सिंह ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराया तथा संविधान के प्रति निष्ठा और सम्मान की शपथ दिलाई। साथ ही, मौलिक कर्तव्यों का सामूहिक वाचन किया गया, जिसके माध्यम से नागरिकों को राष्ट्र, समाज, सार्वजनिक संपत्ति, पर्यावरण और संवैधानिक आदर्शों के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराया गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में लीगल ऐड क्लिनिक एंड प्रो बोनो क्लब के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन समिति ने समर्पण, सक्रिय सहभागिता और सुव्यवस्थित समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया। समिति के आयोजन सदस्यों में सुश्री हबीबा शेख, डॉ. दीपक जैसल एवं श्री कुलदीप सिंह शामिल रहे। समिति के सामूहिक प्रयासों ने न केवल कार्यक्रम को सफल बनाया, बल्कि विश्वविद्यालय में विधिक जागरूकता और संवैधानिक चेतना को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

कार्यक्रम का समापन संविधान के मूल आदर्शों न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के प्रति प्रतिबद्धता के संदेश के साथ हुआ। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को यह समझने का अवसर प्रदान किया कि संविधान केवल एक विधिक दस्तावेज नहीं, बल्कि राष्ट्र के लोकतांत्रिक जीवन का आधार और प्रत्येक नागरिक के लिए मार्गदर्शक है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!