आईआईपीपीटी कॉलेज में भव्य फ़ेयरवेल पार्टी का आयोजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

ग्रेटर नोएडा : आईआईपीपीटी कॉलेज में विद्यार्थियों के लिए एक भव्य एवं उत्साहपूर्ण “फ़ेयरवेल पार्टी” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के चेयरमैन संजय सुदन, अध्यक्ष योगिता सुदन तथा डायरेक्टर डॉ. जीतेन्द्र खत्री द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। देशभक्ति गीतों, कविताओं और प्रेरणादायी प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को राष्ट्रभक्ति के भाव से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों—नशा मुक्ति, डिजिटल मीडिया के दुष्प्रभाव तथा समाज में बढ़ती सामाजिक कुरीतियों—पर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटकों और अभियानों का मंचन किया। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों को गहरा संदेश देने का कार्य किया।
फ़ेयरवेल समारोह में कॉलेज के बीबीए, बीसीए एवं बीकॉम विभाग के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान आशुतोष पांडेय को “मिस्टर फ़ेयरवेल” तथा रोमा हलदर को “मिस फ़ेयरवेल” के सम्मान से नवाज़ा गया।
कॉलेज के चेयरमैन संजय सुदन ने अपने संबोधन में कहा कि, “युवाओं की प्रतिभा ही राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। यदि युवा अपनी क्षमता को पहचानकर सही दिशा में प्रयास करें, तो वे देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।”
वहीं कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. जीतेन्द्र खत्री ने कहा कि, “भारत विश्व के सबसे युवा देशों में से एक है और भारतीय युवाओं की प्रतिभा को वैश्विक स्तर पर सराहा जा रहा है। आज आवश्यकता है कि युवा अपने परिश्रम, नवाचार और सकारात्मक सोच के माध्यम से ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।”
कार्यक्रम का समापन उत्साह और उमंग के साथ सफलतापूर्वक हुआ। आयोजन को सफल बनाने में कॉलेज के एडवाइज़र डॉ. अर्चित यादव, एडमिशन सेल हेड कुलदीप शर्मा तथा समस्त स्टाफ़ की विशेष भूमिका रही।
रिपोर्ट-भगवत प्रसाद शर्मा






