एच पी गैस की होम डिलीवरी सुविधा पुनः शुरू करने की मांग
नामित सभासद ने दी आंदोलन करने की चेतावनी, उपभोक्ताओं को गोदाम से लानी पड़ रही है गैस

औरंगाबाद( बुलंदशहर )एच पी गैस एजेंसी पर होम डिलीवरी सुविधा बंद हो जाने से उपभोक्ताओं में रोष व्याप्त है। उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में खड़े होकर गोदाम से गैस सिलेंडर लेने को बाध्य होना पड़ रहा है। पूर्व चेयरमैन और शासन द्वारा नामित सभासद राजकुमार लोधी उर्फ राजू लोधी ने होम डिलीवरी सुविधा पुनः शुरू किए जाने की मांग करते हुए होम डिलीवरी शुरू नहीं होने पर आंदोलन करने की कड़ी चेतावनी दी है।
औरंगाबाद स्थित प्रिंस एच पी गैस एजेंसी पर वर्तमान में उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर लेने कस्बे से बाहर ख्वाजपुर रोड़ स्थित गोदाम पर पहुंचकर घंटों लाइन में खड़े होकर इंतजार करने और अपना कीमती समय जाया करने के लिए बाध्य होना पड़ रहा है।आलम यह है कि लगातार पांच दिन के अन्तराल पर बुधवार को गैस गाड़ी आने की भनक लगते ही सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग गईं। गैस वितरण शुरू हो जाने पर उपभोक्ताओं की भीड़ छंटने लगी और सायं होते होते तमाम उपभोक्ताओं को गैस वितरण संपन्न हो गया।
गैस उपभोक्ताओं ने पहले की ही भांति होम डिलीवरी सुविधा पुनः शुरू किए जाने की पुर जोर मांग की है। उपभोक्ताओं का कहना है कि महमूदपुर स्थित ग्रामीण इंडेन गैस एजेंसी पर होम डिलीवरी गैस के भीषण अकाल के समय में भी बन्द नहीं हुई फिर क्या कारण है कि प्रिस एच पी गैस एजेंसी संचालकों ने होम डिलीवरी बंद कर उपभोक्ताओं को गोदाम से गैस सिलेंडर लेने के लिए विवश कर दिया। उपभोक्ताओं की मांग है कि पूर्व की भांति होम डिलीवरी शुरू की जाये जिससे आम आदमी को सरकारी नियमानुसार गैस सिलेंडर घर पर उपलब्ध हो सके।
भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य नामित सभासद पूर्व चेयरमैन राजकुमार लोधी ने होम डिलीवरी सुविधा पुनः शुरू किए जाने की मांग करते हुए ऐसा ना होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
एजेंसी मालिक बीरपाल सिंह ने बताया कि एजेंसी पर गैस सप्लाई बाधित हो जाने के चलते गैस की होम डिलीवरी बंद की गई थी स्थिति में सुधार हो रहा है। शीध्र ही होम डिलीवरी सुविधा शुरू कर दी जाएगी।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल






