अपराध

प्रापर्टी डीलर के आफिस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई, एक युवक घायल अस्पताल में इलाज जारी 

पुलिस मौके पर मामूली कहासुनी के बाद हुआ हमला ,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित तमाम आला अधिकारियों ने किया मौका मुआयना

औरंगाबाद (बुलंदशहर )थाना क्षेत्र के गांव रजवाना निवासी एक युवक को दूसरे समुदाय के आधा दर्जन बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर घायल कर दिया। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस की टीमें हमलावरों की सरगर्मी से तलाश में जुटी हुई हैं। सभी हमलावर फरार होने में कामयाब रहे। घटना का कारण एक दिन पूर्व दो समुदायों के युवकों के बीच हुआ मामूली विवाद बताया जाता है। रिपोर्ट अभी दर्ज नहीं कराई गई है।

थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चरौरा मुस्तफाबाद के सामने स्टेट हाइवे स्थित खान प्रापर्टी डीलर निसार के आफिस पर शुक्रवार दोपहर लगभग ग्यारह बजे लगभग आधा दर्जन बाइक सवार लाठी डंडों तमंचे से लैस हमलावरों ने ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। और फायरिंग शुरू कर दी। आफिस में बैठे गुलजार पुत्र निसार उम्र लगभग 22 वर्ष निवासी ग्राम रजवाना के पेट में गोली लगी जिसके चलते वह बुरी तरह ज़ख़्मी हो गया। हमले में आफिस को भी नुकसान पहुंचा है। सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका इलाज जारी है।

बताया जाता है कि गुरुवार को गांव के रास्ते पर आमने-सामने आ रही दो गाड़ी चालकों में गाड़ी हटाने को लेकर कहासुनी हो गई थी। लोगों ने मामला रफा दफा कर दिया। लेकिन उसके बाद गैर समुदाय के लोगों ने एकत्र होकर दूसरे समुदाय के एक युवक को घेर कर मारपीट कर ज़ख़्मी कर दिया था। मामला थाने पहुंचा और पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में ले लिया था। इसी परिप्रेक्ष्य में शुक्रवार को दूसरे समुदाय के हमलावरों ने खान प्रापर्टी डीलर के आफिस पर हमला बोला।

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक,एस पी सिटी सी ओ स्याना और सी ओ सिटी ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया और पुलिस को हमलावरों को अविलंब कानून के हवाले करने के सख्त निर्देश दिए। उच्चाधिकारियों ने अनेक टीमें गठित कर हमलावरों की सरगर्मी से तलाश शुरू कराई।

पुलिस की टीमें हमलावरों की तलाश में जुटी हुई हैं। घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। दो समुदायों से जुड़े होने के चलते गांव में तनाव बना हुआ है। जिले के आला अधिकारी स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए हैं। भारी पुलिस बल मौके पर तैनात है। घायल गुलजार की हालत नाज़ुक देख चिकित्सकों ने उसे मेरठ रैफर कर दिया है।

रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!