गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, सैकड़ों प्रतिभागियों ने किया योगाभ्यास

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया। विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स काउंसिल एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में फैकल्टी क्लब परिसर में विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं उनके परिजनों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह के प्रेरणादायी संबोधन से हुआ। कुलपति प्रो. सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाती है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास तनाव को कम करने, एकाग्रता बढ़ाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में अत्यंत सहायक है। उन्होंने सभी उपस्थितजनों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।
इसके उपरांत प्रसिद्ध योग प्रशिक्षक वैशाली सिंह ने उपस्थित प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने प्रत्येक योगासन के वैज्ञानिक महत्व एवं स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास के प्रति लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान योग शिविर में विश्वविद्यालय के अनेक वरिष्ठ शिक्षकों एवं अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी की। इनमें प्रमुख रूप से डॉ. मनमोहन सिंह, डॉ. सुशील कुमार, डॉ. दिनेश शर्मा, डॉ. शोभाराम, डॉ. एम. ए. अंसारी, डॉ. गौरव, डॉ. ओम्बिर, डॉ. निर्मिता, श्री उमाकांत तथा श्री योगेंद्र सहित अन्य शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर डीन एकेडमिक्स प्रो. राजीव वार्ष्णेय ने अपने विचार व्यक्त करते हुए इस आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की आधारशिला है तथा ऐसे कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय के खेल विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाइयों को विशेष रूप से बधाई दी।
अंत में स्पोर्ट्स काउंसिल के अध्यक्ष एवं एनएसएस समन्वयक डॉ. नागेंद्र सिंह ने मुख्य अतिथि, योग प्रशिक्षक तथा सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में उनके सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक योग संकल्प एवं स्वस्थ जीवन के संदेश के साथ हुआ।






