गौ सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत गायत्री संस्कार पीठ, बुलंदशहर में हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ
20 जुलाई तक हस्ताक्षर अभियान पूर्ण करने तथा 27 जुलाई को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने का आह्वान

बुलंदशहर: परम पूज्य पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के विचारों एवं गायत्री तीर्थ शांतिकुंज, हरिद्वार के आह्वान पर संचालित “गौ सम्मान आह्वान अभियान” के अंतर्गत गौ माता को सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान दिलाने के उद्देश्य से दासानुदास अतुल कृष्णदास (गौ भक्तमाली) जी द्वारा गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर गायत्री संस्कार पीठ, बुलंदशहर में विशाल हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर श्री कुलदीप मित्तल (जिला संयोजक), श्री रविन्द्र कुमार शर्मा (प्रभारी, जिला संगठन प्रबंधन) एवं श्रीमती सुनीता सिंह (संचालिका, गायत्री महिला प्रज्ञा एवं सत्संग मण्डल, संस्कार पीठ क्षेत्र, बुलंदशहर) ने जनपद की समस्त गायत्री परिवार की टोली एवं प्रज्ञा मंडलों को अभियान की जिम्मेदारी सौंपते हुए निर्देश दिए कि 20 जुलाई तक अधिक से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षर अभियान प्रपत्रों पर कराकर उन्हें गायत्री संस्कार पीठ, बुलंदशहर में जमा कराया जाए, ताकि 27 जुलाई को जनपद की ओर से एकत्रित जनसमर्थन के साथ जिलाधिकारी महोदय को ज्ञापन सौंपकर गौ माता के सम्मान, सुरक्षा एवं संरक्षण की जनभावना सरकार तक पहुँचाई जा सके।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दासानुदास अतुल कृष्णदास (गौ भक्तमाली) जी ने कहा कि “गौ माता भारतीय संस्कृति, करुणा और लोकमंगल की प्रतीक हैं। उनका सम्मान और संरक्षण हमारा नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। आइए, ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ से जुड़कर गौ सेवा, गौ संवर्धन और जन-जागरण का संकल्प लें तथा राष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित एवं समृद्ध बनाने में अपना योगदान दें। गौ सेवा केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, करुणा और लोकमंगल का सजीव स्वरूप है। आइए, 27 जुलाई को ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ में सहभागी बनकर गौ संरक्षण का संकल्प लें।”
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में बुलंदशहर जनपद के विभिन्न नगरों, कस्बों एवं ग्रामों में व्यापक जनसंपर्क एवं हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। 20 जुलाई तक सभी हस्ताक्षर प्रपत्र गायत्री संस्कार पीठ, बुलंदशहर में संकलित किए जाएंगे तथा 27 जुलाई को विशाल जनसमर्थन के साथ जिलाधिकारी महोदय को ज्ञापन सौंपकर गौ माता के सम्मान, सुरक्षा एवं संरक्षण हेतु प्रभावी कदम उठाने की मांग की जाएगी।
“गौ सम्मान आह्वान अभियान” के माध्यम से गायत्री परिवार का उद्देश्य गौ माता के प्रति श्रद्धा, सेवा, संरक्षण एवं जन-जागरण का संदेश घर-घर पहुँचाना तथा समाज को गौ संवर्धन के लिए संगठित करना है।






