ग्रेटर नोएडा

‘हर घर तिरंगा अभियान–2026’ को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प, ग्रेटर नोएडा मंडल में कार्यशाला एवं संगठनात्मक बैठक आयोजित

ग्रेटर नोएडा: भारतीय जनता पार्टी, ग्रेटर नोएडा मंडल द्वारा स्वर्णनगरी स्थित मंडल कार्यालय में मंडल की मासिक संगठनात्मक बैठक एवं ‘हर घर तिरंगा अभियान–2026’ की कार्यशाला आयोजित की गई। बैठक में मंडल पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र संयोजकों, प्रभारियों, विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधियों तथा जिला, क्षेत्र, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर के संगठन पदाधिकारियों ने भाग लेते हुए अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

बैठक की अध्यक्षता भाजपा गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि तिरंगा भारत की अस्मिता, स्वतंत्रता संग्राम के बलिदान, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि अभियान को केवल औपचारिक कार्यक्रम न मानकर प्रत्येक परिवार तक पहुंचाया जाए तथा बूथ स्तर तक संगठनात्मक समन्वय के माध्यम से इसे जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जाए।

मंडल प्रभारी मनोज गर्ग ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रसेवा, राष्ट्रीय एकता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जनजागरण का माध्यम है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से प्रत्येक शक्ति केंद्र और बूथ पर सक्रिय जनसंपर्क कर अधिकतम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

मंडल अध्यक्ष अर्पित तिवारी ने कहा कि यह अभियान राष्ट्रभक्ति और नागरिक कर्तव्यबोध को सुदृढ़ करने का अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क कर राष्ट्रध्वज के सम्मान तथा उसके संवैधानिक महत्व के प्रति जनजागरण करने का आह्वान किया।

बैठक में बूथ सशक्तिकरण, शक्ति केंद्रों की सक्रियता, आगामी कार्यक्रमों की कार्ययोजना तथा ‘हर घर तिरंगा अभियान–2026’ के चरणबद्ध संचालन पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी पदाधिकारियों को समयबद्ध एवं अनुशासित ढंग से अभियान के संचालन की जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक के दौरान गजेंद्र बिधूड़ी, मंत्री एवं कलश यात्रा संयोजक, के संयोजन में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में ‘समरसता संकल्प अभियान’ के अंतर्गत पूजनीय कलश के ग्रेटर नोएडा मंडल आगमन पर भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई।

कार्यक्रम में अभिषेक शर्मा, धर्मेंद्र कोरी, मनोज गर्ग, अर्पित तिवारी, गीता सागर, महेश शर्मा, सतीश गुलिया, देवेंद्र बैसला, रजत विकल, अंकी दास गुप्ता, अश्वनी गोयल, मुकेश दीक्षित, रवि श्रीवास्तव, दुष्यंत चौहान, मंडल पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, शक्ति केंद्र प्रभारी तथा मंडल मीडिया प्रभारी डा० भगवत प्रसाद शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक का समापन ‘राष्ट्र प्रथम, संगठन सर्वोपरि’ के संकल्प के साथ हुआ। सभी कार्यकर्ताओं ने ‘हर घर तिरंगा अभियान–2026’ को व्यापक जनसहभागिता के माध्यम से सफल बनाने का संकल्प दोहराया।

रिपोर्ट भगवत प्रसाद शर्मा

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!