ग्रेटर नोएडा

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में हिन्दी-सप्ताह के समापन समारोह की धूमधाम से तैयारी

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में आयोजित हिन्दी-सप्ताह की मुख्य अतिथि होंगी नोएडा की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह के संरक्षण एवं मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता प्रो. माधव गोविन्द के नेतृत्व में 7 सितंबर से 14 सितंबर, 2026 तक हिन्दी-सप्ताह अति उत्साह से मनाया जा रहा है । हिन्दी सप्ताह का प्रारंभ 7 सितंबर को हिन्दी में हस्ताक्षर अभियान से हुआ तथा 8 सितंबर को कहानी-लेखन प्रतियोगिता, 10 सितंबर को निबंध लेखन प्रतियोगिता, 11 सितंबर को काव्य-पाठ प्रतियोगिता का आयोजन सम्पन्न हुआ ।

यह ध्यातव्य है कि 14 सितंबर, 2026 को हिन्दी-दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है । जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में नोएडा की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह, विशिष्ट अतिथि पूर्व न्यायाधीश तथा कानूनी सलाहकार श्री आर.बी.शर्मा होंगे । कार्यक्रम की अध्यक्षता गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह करेंगे ।

इस कार्यक्रम का महत्व ‘हिन्दी सेवा सम्मान’ से और भी बढ़ जाता है । विश्वविद्यालय में हिन्दी सेवकों को ‘हिन्दी सेवा सम्मान’ पहली बार दिया जा रहा है । साहित्य के क्षेत्र में सुप्रसिद्ध साहित्यकार गगन गिल, अनुवाद के क्षेत्र में जानी मानी अनुवाद जयश्री पुरवार, सेवानिवृत अकादमिक तथा आद्यांतरा साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संगठन की संस्थापक डॉ. माधुरी सुबोध, भारतीय भाषा अभियान के लिए जयदीप राय, आकाशवाणी के हिन्दी सेक्शन के माध्यम से साहित्यिक कार्यक्रमों के आयोजन तथा साहित्य में विशेष योगदान के लिए श्री सुरेश मीणा, प्रशासनिक अधिकारी तथा साहित्य में विशेष योगदान के लिए श्री पवन कुमार, हिन्दी विषय से सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण करने तथा हिन्दी में विशेष योगदान के लिए श्रीमती अंजू सिंह जी को ‘हिन्दी सेवा सम्मान-2026’ से सम्मानित किया जा रहा है ।

इस कार्यक्रम में कवि गोष्ठी का भी आयोजन होगा । कवि-गोष्ठी में हास्य-व्यंग्य के कवि पद्यश्री अशोक चक्रधर, लोकप्रिय कवि चिराग जैन तथा सुप्रसिद्ध कवयित्री मनीषा शुक्ला की कविताओं को सुनने का सुअवसर प्राप्त होगा ।

हिन्दी सप्ताह मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के भारतीय भाषा एवं साहित्य विभाग, विधि, न्याय तथा शासन संकाय के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित हो रहा है । भारतीय भाषा एवं साहित्य विभाग के प्राध्यापकगण डॉ. रेनू यादव, डॉ. प्रियंका सिंह, डॉ. दिवाकर गरवा, डॉ. विभावरी, डॉ. ओबैदुल गफ्फार, डॉ. आसिफ खान, डॉ. रेहाना सुल्ताना, डॉ. ममता कुमारी, डॉ. रमेश कुमार, डॉ. पूजा यादव तथा विभाग के समस्त विद्यार्थी अति-उत्साह से समापन समारोह की तैयारी कर रहे हैं । इस कार्यक्रम में विधि, न्याय एवं शासन संकाय के अधिष्ठाता डॉ. के.के.द्विवेदी तथा संकाय के विद्यार्थियों की भूमिका भी सराहनीय है । इस कार्यक्रम के संयोजकगण भारतीय भाषा एवं साहित्य विभाग की प्राध्यापिकाएँ डॉ. प्रियंका सिंह तथा डॉ. रेनू यादव हैं । कार्यक्रम की सफलतापूर्वक आयोजन के लिए गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह तथा कुलसचिव प्रो. चन्दर कुमार सिंह ने शुभकामनाएँ प्रेषित की है ।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!